देहरादून@Rashtriy Vichar। स्वतंत्रता दिवस पर परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों, सैनिकों और राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राहत, पुनर्वास और प्रभावितों को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।
विकास, रोजगार और विरासत पर फोकस
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2035 तक विकसित उत्तराखंड का निर्माण करना है। सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी, चारधाम एवं मानसखंड मंदिर माला मिशन, पर्यटन, स्टार्टअप, खेल, महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण को सरकार प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत वृद्धि हुई है और पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ऐसा राज्य बने, जहां विकास के साथ विरासत और आधुनिकता के साथ संस्कृति का संरक्षण हो।
स्वतंत्रता दिवस पर 7 बड़ी घोषणाएं
- चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित होंगे।
- प्रदेश में पहला युवा आयोग बनाया जाएगा।
- सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार के लिए अतिरिक्त सहायता मिलेगी
- वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे
- प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।
- 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू होगी
- बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इस वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाएगी।
