Char Dham Yatra 2026 Launched: Subodh Uniyal Assures Safe and Smooth Pilgrimage
- चारधाम यात्रा शुभारंभ: सरकार ने कसी कमर, श्रद्धालुओं की सुविधा पर खास फोकस
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में चारधाम यात्रा–2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने यात्रा बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि यात्रा के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य सेवाएं, भोजन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और मार्ग सुरक्षा सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है और संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक गरिमा और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छता बनाए रखने की अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान स्वच्छता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
मंत्री ने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आस्था, संस्कृति और अर्थव्यवस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण आयाम है, जिसके सुचारु संचालन के लिए सरकार हर स्तर पर निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सुबोध उनियाल ने बाबा केदार से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।
