Bhagwan Nagaraja Pran Pratishtha Ceremony in Bugala Village Narendranagar on 7–8 May 2026
- वैदिक मंत्रोच्चार और महायज्ञ के साथ गूंजेगा आस्था का पर्व, गांव में पूर्ण हुई तैयारियां
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर। विकासखंड नरेंद्रनगर की पट्टी दोगी स्थित ग्राम पंचायत बुगाला में भगवान नागराजा जी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का वातावरण है। आगामी 7 और 8 मई 2026 को यह भव्य धार्मिक आयोजन पूर्ण वैदिक विधि-विधान और आचार्य कुल पुरोहितों के मंत्रोच्चार के साथ संपन्न होगा।
यह पावन आयोजन बुगाला देवस्थानम सेवा एवं चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। मंदिर निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद अब गर्भगृह में भगवान नागराजा की दिव्य मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी पूरी कर ली गई है।
भक्ति, सेवा और प्रसाद की परंपरा
इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं से विशेष आग्रह किया गया है कि वे अपने परिवार सहित उपस्थित होकर इस पावन अवसर के साक्षी बनें और महाप्रसाद एवं भोग ग्रहण करें।
ट्रस्ट की ओर से यह भी अपील की गई है कि 7 मई को अगियाल (भोग सामग्री) मंदिर में अवश्य प्रेषित करें, ताकि 8 मई को होने वाले पूजन एवं भंडारे की तैयारी समय पर पूरी की जा सके।
महाप्रसादी निर्माण की व्यवस्था ग्राम के निवासियों के सहयोग से देवानंद एवं सुरेंद्र प्रसाद रयाल के आंगन में की जाएगी। साथ ही प्रत्येक घर से जलाऊ लकड़ी और 5 लीटर जल लाने का अनुरोध किया गया है।
आयोजन की प्रमुख झलकियां
- 7 एवं 8 मई को दो दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह
- वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कुल पुरोहितों द्वारा विधिवत पूजा
- ग्रामवासियों के सहयोग से मंदिर निर्माण पूर्ण
- महायज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन
- श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था
गांव में आस्था का उत्साह चरम पर
भगवान नागराजा जी की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे बुगाला क्षेत्र में धार्मिक उत्साह चरम पर है। ग्रामीण इसे केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि समुदायिक एकता, सेवा और परंपरा का महापर्व मानकर तैयारी में जुटे हैं। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे 8 मई को होने वाले भंडारे में शामिल होकर महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें।
