A low-pressure area over the Bay of Bengal is expected to intensify into a cyclonic storm by October 26, bringing heavy to extremely heavy rainfall to Odisha, Andhra Pradesh and several other states.
- 2. 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में बदलेगा कम दबाव का क्षेत्र
- ओडिशा-आंध्र में भारी बारिश की चेतावनी
नई दिल्ली@Rashtriya Vichar। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र तेजी से गहरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके 25 अक्टूबर तक गहरे अवदाब और 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद तूफान के और तीव्र होकर उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिण ओडिशा के तटों की ओर बढ़ने का अनुमान है। इसके प्रभाव से कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की शुक्रवार शाम जारी बुलेटिन के मुताबिक, थाईलैंड की खाड़ी के पास 18 अक्टूबर को बना ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण आगे बढ़ते हुए 21 अक्टूबर को उत्तर अंडमान सागर और 22 अक्टूबर को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी पहुंचा। इसके प्रभाव से 23 अक्टूबर की सुबह पूर्व-मध्य और उससे सटी दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना।
विभाग के अनुसार, यह प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगी। अंडमान द्वीप समूह में 23 से 27 अक्टूबर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
ओडिशा में 27 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी, जबकि 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है। 29 अक्टूबर को भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तरी आंध्र प्रदेश में 27 और 28 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका है।
गंगातटीय पश्चिम बंगाल में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में 28-29 अक्टूबर, छत्तीसगढ़ में 28-29 अक्टूबर और बिहार में 29 अक्टूबर को बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 29 अक्टूबर को छिटपुट भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत बताई है।
