Sant Nirankari Mission organized a grand satsang on the fifth day of the Kunjapuri Fair in Narendra Nagar, spreading the message of love, brotherhood, good values and spiritual guidance.
- कुंजापुरी मेले में गूंजा प्रेम, सद्भाव और मानवता का संदेश
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। सुप्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के पांचवें दिन स्व. सोबन सिंह नेगी सामुदायिक विकास भवन के रामलीला मैदान में संत निरंकारी मिशन की ओर से विशाल सत्संग का आयोजन किया गया। दिल्ली से पहुंचे मुख्य वक्ता एवं ज्ञान प्रचारक महात्मा इंद्रजीत सिंह ने श्रद्धालुओं को प्रेम, भाईचारे, अच्छे संस्कारों और गुरु की महत्ता का संदेश दिया।

महात्मा इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मानव जीवन की वास्तविक सफलता आपसी प्रेम, सम्मान और सद्भाव की भावना को मजबूत बनाने में निहित है। मानवता के आधार पर ही एक सशक्त और सौहार्दपूर्ण समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के अच्छे संस्कार ही उसके वास्तविक आभूषण हैं। धन-दौलत और बाहरी दिखावे के बजाय मनुष्य का व्यवहार, विनम्रता और दूसरों के प्रति उसका दृष्टिकोण उसके व्यक्तित्व की पहचान बनते हैं।
युवाओं और बच्चों को प्रेरित करते हुए उन्होंने परिवार के बुजुर्गों का सम्मान करने और अच्छे संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। गुरु की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन मनुष्य को आध्यात्मिक उन्नति की दिशा प्रदान करता है।
उन्होंने ‘जैसी दृष्टि, वैसी सृष्टि’ का संदेश देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच से ही व्यक्ति के विचार और व्यवहार बेहतर बनते हैं। प्रत्येक कार्य को पूरी निष्ठा, एकाग्रता और समर्पण के साथ करना चाहिए।
सत्संग में जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह, गब्बर सिंह चौहान और मिशन के नरेंद्रनगर संयोजक कल्याण सिंह नेगी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए संयोजक, मुखी और संत-महात्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ज्योति नेगी ने किया। सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रेम, सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना अपनाने की प्रेरणा दी गई।
