Pithoragarh and Dharchula taxi unions have reached an agreement on taxi operations along the Adi Kailash route, aiming to promote tourism and local employment
- असकोट के होमस्टे में कई दौर की बैठक के बाद बनी बात
- स्थानीय वाहनों को ही प्राथमिकता देने पर निर्णय
नदीम परवेज@ धारचूला/पिथौरागढ़। आदिकैलाश यात्रा मार्ग पर टैक्सी संचालन को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद के बीच पिथौरागढ़ और धारचूला की टैक्सी यूनियनों के बीच आखिरकार सहमति बन गई है। असकोट स्थित एक होमस्टे में आदिकैलाश टैक्सी ओनर्स सोसाइटी एवं पिथौरागढ़ टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के बीच हुई बैठक में कई दौर की चर्चा के बाद आपसी सहमति से महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
यूनियन के अध्यक्ष की सहमति पर होगा संचालन: बैठक में तय किया गया कि आदिकैलाश यात्रा मार्ग पर पिथौरागढ़ की कुछ गाड़ियों को नियमानुसार आदिकैलाश टैक्सी ओनर्स सोसाइटी के बैनर तले संचालन की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए संबंधित वाहन आदिकैलाश टैक्सी ओनर्स सोसाइटी में पंजीकृत होंगे। साथ ही इन वाहनों का संचालन पिथौरागढ़ यूनियन के अध्यक्ष के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।

मैराथन बैठक में प्रशासन की भूमिका पर भी उठे सवाल: टैक्सी संचालन को लेकर पूर्व में कई दौर की बैठकों में विवाद की स्थिति बनती रही है। इस मामले में प्रशासन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। हालांकि, इस बार दोनों पक्षों ने प्रशासनिक हस्तक्षेप के बजाय आपसी बातचीत से समाधान निकालते हुए सहमति बनाई है। इसे स्थानीय टैक्सी कारोबार और पर्यटन के लिए सकारात्मक शुरुआत माना जा रहा है।
स्थानीयों को मिले प्राथमिकता: बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि धारचूला और पिथौरागढ़ को जोड़कर पूरे जिले को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के लिए संयुक्त प्रयास किए जाएंगे। टैक्सी संचालकों का कहना है कि पर्यटन से मिलने वाले रोजगार और व्यवसाय का लाभ जिले के स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर मिलना चाहिए।
जिले में बढ़े रोजगार: पीटीए अध्यक्ष उमेश कुमार ने कहा कि धारचूला और पिथौरागढ़ को जोड़कर पूरे जिले को पर्यटन हब बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाहर के वाहनों के संचालन को सीमित करने और स्थानीय वाहन संचालकों को प्राथमिकता दिलाने के लिए शासन स्तर पर चर्चा की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ज्ञापन देने के साथ ही न्यायालय में रिट दायर करने जैसे कदम भी उठाए जाएंगे, ताकि पर्यटन से होने वाले रोजगार का लाभ पूरे जिले के लोगों को मिल सके।
लंबे समय से चल रही तकरार खत्म: बैठक में धारचूला के टैक्सी संगठन के पदाधिकारियों के साथ पिथौरागढ़ यूनियन के अध्यक्ष नवल एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। दोनों पक्षों के बीच बनी यह सहमति लंबे समय से चले आ रहे विवाद को खत्म करने और स्थानीय स्तर पर पर्यटन एवं परिवहन व्यवस्था को बेहतर दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
उक्त बैठक में उपाध्यक्ष पुष्कर वर्मा, बादल नेगी अंकित गरबियाल रजत दताल नवल किशोर अध्यक्ष पिथोरागढ़, कार्तिक भाटिया उमेश, हरीश,सोमी आदि मौजूद थे
