Department Cricket League (DCL) begins in Dehradun with 18 teams competing across Rajiv Gandhi International Stadium and Maharana Pratap Sports College Ground
- राजीव गांधी स्टेडियम में होगा उद्घाटन
- सुबोध उनियाल करेंगे शुभारंभ
- श्वेता मेहरा और किशन महिपाल की लोक प्रस्तुतियां बढ़ाएंगी समारोह की रौनक
Rashtriya Vichar@ देहरादून। डिपार्टमेंट स्पोर्ट्स सोसाइटी, उत्तराखंड की ओर से आयोजित बहुप्रतीक्षित डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग (DCL) का रोमांचक आगाज आज से होने जा रहा है। टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार लीग में 18 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो खिताब के लिए मैदान में अपना दमखम दिखाएंगी।
डिपार्टमेंट स्पोर्ट्स सोसाइटी के अध्यक्ष दीपक जोशी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में टूर्नामेंट का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद क्रिकेट मुकाबलों का सिलसिला शुरू होगा।
दोनों मैदानों में खेले जाएंगे मुकाबले: डीसीएल के मुकाबले इस बार देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम और महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज ग्राउंड में खेले जाएंगे। दो मैदानों पर होने वाले मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों के साथ खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह है।
- खेल के साथ दिखेगी उत्तराखंड की लोक संस्कृति
डिपार्टमेंट स्पोर्ट्स सोसाइटी ने टूर्नामेंट को खेल के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का अवसर भी बनाया है। उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध लोक नर्तिका एवं गायिका श्वेता मेहरा और प्रख्यात लोक गायक किशन महिपाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों से उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड की सांस्कृतिक छटा देखने को मिलेगी।
- विजेता को पांच लाख रुपये का पुरस्कार
टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि रखी गई है। विजेता टीम को पांच लाख रुपये, उपविजेता को तीन लाख रुपये, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को एक लाख रुपये और चौथे स्थान की टीम को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा अध्यक्ष दीपक जोशी की ओर से खिलाड़ियों और टीमों के लिए कई व्यक्तिगत एवं विशेष पुरस्कार भी घोषित किए गए हैं।
बैठक में टूर्नामेंट के सफल संचालन, अनुशासन, मैच प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए गए। बैठक में सोसाइटी के सचिव विनेश राणा, वाइस प्रेसिडेंट किरण सिंह, जॉइंट सेक्रेटरी आशुतोष विमल और ट्रेजरार अमित घई समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
डिपार्टमेंट स्पोर्ट्स सोसाइटी ने खेलप्रेमियों और मीडिया प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
