A viral video of BJP Uttarakhand in-charge Dushyant Gautam wiping off a tilak has triggered a political row, with Congress alleging disrespect toward women.
- महिलाओं द्वारा लगाए गये तिलक को रूमाल से साफ करने पर कांग्रेस हमलावर,
- प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतक का तिलक साफ करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वाइरल
देहरादून@Rashtriya Vichar। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान नेताओं के स्वागत के लिए पहुंची महिलाओं द्वारा तिलक लगाए जाने के बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतक के माथे से तिलक को तुरंत रूमाल से साफ करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने वायरल वीडियो को मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर महिला सम्मान को लेकर तीखा हमला बोला है।
हल्द्वानी में भाजपा की कार्यसमिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं। इसी दौरान स्वागत के क्रम में महिलाओं ने भाजपा नेताओं को तिलक लगाया। कार्यक्रम के बाद भाजपा प्रदेश प्रभारी द्वारा माथे पर लगाए गए तिलक को रूमाल से साफ किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही कांग्रेस ने इसे राजनीतिक मुद्दा बना दिया।
कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव महर्षि ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश प्रभारी द्वारा महिलाओं के हाथों लगाए गए तिलक को तुरंत रूमाल से साफ करना महिला शक्ति और उनकी भावनाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा मंचों से महिला सम्मान और नारी शक्ति की बात करती है, लेकिन हल्द्वानी की घटना ने उसके कथित महिला सम्मान की वास्तविकता सामने ला दी है।
महर्षि ने कहा कि महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से अतिथियों का स्वागत किया था। ऐसे में उनके द्वारा लगाए गए तिलक को सार्वजनिक रूप से साफ करने का वीडियो सामने आना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
कांग्रेस ने कहा कि भाजपा की कार्यसमिति में जहां पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए संगठन और सत्ता में लगातार तीसरी बार वापसी की रणनीति पर मंथन कर रही थी, वहीं इसी आयोजन से जुड़ा यह वीडियो अब पार्टी के लिए असहज राजनीतिक सवाल बन गया है। कांग्रेस इस मुद्दे को महिला सम्मान और भाजपा के कथित दोहरे चरित्र से जोड़कर सियासी तौर पर भुनाने में जुट गई है।
हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर भाजपा प्रदेश प्रभारी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में वीडियो के पूरे संदर्भ और घटना के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
