Heavy rain has severely damaged the Khadi-Pipleth-Chompa-Udkhanda road in Narendra Nagar, affecting over six villages and prompting a 15-day protest warning
- सड़क सुधारीकरण नहीं हुआ तो 15 दिन बाद आंदोलन की चेतावनी
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। विकासखंड नरेंद्रनगर के अंतर्गत खाड़ी-पिपलेथ-चौंपा-उद्खंडा मोटर मार्ग भारी बारिश के चलते तीन स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। करीब 15 से 20 मीटर हिस्से में सड़क पूरी तरह वॉशआउट होने के साथ ही बड़े भूभाग के धंसने से मार्ग की ऊपरी परत चकनाचूर होकर बिखर गई है। सड़क के धराशायी होने से चौंपा, पिपलेथ और उद्खंडा की तीन ग्राम पंचायतों के आधा दर्जन से अधिक गांवों की आवाजाही प्रभावित हो गई है।
हालात कब सुधरेंगे पता नही: हालात ऐसे हैं कि वाहनों की आवाजाही कब तक बहाल हो सकेगी, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। सड़क के साथ पैदल रास्ते भी क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। ग्रामीणों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाकर आवागमन करना पड़ रहा है।
मानसून पूर्व तैयारियों पर उठे सवाल: ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली के लिए ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के दौरान सड़क की जड़ में पक्की सुरक्षा दीवार और पुश्ता नहीं बनाए जाने को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि एनएच चौड़ीकरण के बाद खाड़ी-कठ्या के बीच ढलाननुमा भूभाग से बैंड देकर निकाली गई सड़क पहले से ही ऊपरी ढलान पर फटने लगी थी। इसके बावजूद समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए।
विगत 5 सालों से सड़क ट्रीटमेंट की उठ रही मांग: जिला पंचायत सदस्य शीशपाल सिंह भंडारी और पिपलेथ के प्रधान बलवीर सिंह भंडारी ने बताया कि क्षेत्रवासी वर्ष 2021-22 से सड़क के ट्रीटमेंट और पक्की सुरक्षा दीवार की मांग शासन-प्रशासन से करते आ रहे हैं, लेकिन उनकी मांग पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अब इसका खामियाजा क्षेत्र के ग्रामीण भुगत रहे हैं।
डीएम को भी भेज चुके ज्ञापन: मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत ने ग्रामीणों के साथ सड़क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सड़क सुधारीकरण को लेकर जिलाधिकारी टिहरी को ज्ञापन भेजा जा चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क सुधारीकरण के लिए ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो खाड़ी में व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर अनिल सिंह भंडारी, पूरन सिंह पुंडीर, क्षेत्र पंचायत सदस्य कल्पना पंवार, शिवराज सिंह मियां, जमन सिंह भंडारी, प्रेम सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
