Tehri district receives 6,987 applications under the special electoral revision campaign. Final voter list publication is scheduled for September 15, 2026
- 15 सितंबर को होगा अंतिम प्रकाशन
- राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने दी सहमति
वाचस्पति रयाल@ नरेन्द्रनगर। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों और अब तक हुई प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।
एडीएम ने बताया कि जिले में अब तक फॉर्म-6 के 4,229 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें घनसाली से 1,329, देवप्रयाग से 469, नरेंद्रनगर से 763, प्रतापनगर से 490, टिहरी से 753 और धनौल्टी से 425 आवेदन शामिल हैं। फॉर्म-6 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए भरा जाता है।
इसी तरह फॉर्म-7 के 867 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनके माध्यम से मतदाता सूची से नाम हटाने का अनुरोध किया जाता है। वहीं फॉर्म-8 के 1,891 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके जरिए मतदाता के नाम, पते, फोटो सहित अन्य विवरणों में संशोधन किया जाता है।
एडीएम ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के सभी चरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरे किए जा चुके हैं। 15 सितंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। बैठक में मौजूद सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने इस पर सहमति जताई।
बैठक में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र प्रसाद डोभाल, कांग्रेस प्रतिनिधि नवीन सेमवाल, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा रावत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली सहित निर्वाचन एवं प्रशासन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
