- नशे के खिलाफ सजग इंडिया की मुहिम पहुंची सेना के बीच
- लैंसडाउन में गूंजा नशामुक्ति का संदेश
- अग्निवीरों से लेकर सेना के जवानों ने लिया संकल्प
- अग्निवीरों से नशे पर सीधा संवाद
- सजग इंडिया ने दिया स्वस्थ और अनुशासित जीवन का संदेश
- सेना के जवानों से स्कूली बच्चों तक पहुंचा नशामुक्ति का संदेश
- 18 साल से चल रहे अभियान ने बढ़ाया जागरूकता का दायरा
देहरादून/लैंसडाउन@Rashtriya Vichar। नशे के बढ़ते खतरे के बीच युवाओं और सैन्य समुदाय को जागरूक करने की दिशा में सजग इंडिया ने अपने 18 वर्षों से अधिक समय से चल रहे नशामुक्ति एवं जनजागरूकता अभियान को एक नई दिशा दी है। अभियान के तहत पहली बार सजग इंडिया के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडाउन में अग्निवीरों, सेवारत अधिकारियों, जेसीओ और जवानों के साथ नशामुक्ति को लेकर सीधा संवाद किया।

कोटद्वार और लैंसडाउन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान युवाओं को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया। उन्हें बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन, शिक्षा और भविष्य पर भी गंभीर असर डालता है। युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया गया।

अग्निवीरों और जवानों से संवाद
गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा, जहां अग्निवीरों के साथ-साथ सर्विंग ऑफिसर्स, जेसीओ और जवानों ने नशामुक्ति को लेकर संवाद किया। सैन्य जीवन में अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और मानसिक दृढ़ता की अहमियत को देखते हुए युवाओं को नशे से पूरी तरह दूर रहने का संदेश दिया गया।

युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर
ललित मोहन जोशी ने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, सेवा तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत है और इस शक्ति को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना सामूहिक जिम्मेदारी है।
अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति नशे पर प्रहार
गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर में ट्रेनी अग्निवीरों से संवाद करते हुए एडवोकेट ललित मोहन जोशी ने कहा कि सेना में प्रशिक्षण के दौरान जो अनुशासन, जज्बा और देशसेवा की भावना युवाओं में विकसित होती है, उसे उन्हें जीवनभर अपनाना चाहिए। यही अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति उन्हें नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीर स्वयं नशे से दूर रहकर अपने साथियों, परिवार और समाज के अन्य युवाओं को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित कर सकते हैं।

पीढ़ियों के संस्कारों को आगे बढ़ाएं
जोशी ने अग्निवीरों से कहा कि माता-पिता के संस्कार और आपकी मेहनत ही आपको देश की सेवा करने का गौरवपूर्ण अवसर प्रदान करती है। इसलिए मातृभूमि की सेवा के साथ-साथ अपने माता-पिता के संस्कारों को आगे बढ़ाना और उनकी देखभाल करना भी प्रत्येक युवा का दायित्व है।
सेना के जवान देश के युवाओं के रोल मॉडल
सैन्य अधिकारियों, जेसीओ और जवानों को संबोधित करते हुए ललित मोहन जोशी ने कहा कि सेना के जवान और अधिकारी देश के युवाओं के सबसे बड़े रोल मॉडल हैं। युवा उन्हें देखकर प्रेरणा लेते हैं। ऐसे में यदि सेना के जवान नशामुक्ति और स्वस्थ जीवन का संदेश समाज तक पहुंचाते हैं तो इसका व्यापक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा, आज नशा आतंक का एक बड़ा हथियार बन चुका है। आने वाली पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। हमें मिलकर युवाओं को जागरूक करना होगा, ताकि युवा अपने परिवार के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
सजग इंडिया टीम का जताया आभार
इस अवसर पर गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने सजग इंडिया की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विपरीत मौसम और बारिश के बावजूद सजग इंडिया की टीम ने लैंसडाउन पहुंचकर जिस तरह नशामुक्ति एवं ड्रग अवेयरनेस को लेकर कार्यक्रम किया, वह बेहद सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में करीब 2,000 अग्निवीरों, 300 स्कूली बच्चों तथा लगभग 250 सर्विंग ऑफिसर्स, जेसीओ और जवानों ने ललित मोहन जोशी के विचार सुने और उनसे प्रेरणा प्राप्त की।
नशे के खिलाफ जागरूकता सबसे बड़ा हथियार:ब्रिगेडियर
ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने में बेहद प्रभावी हैं। उन्होंने कहा कि ड्रग उन्मूलन के क्षेत्र में सजग इंडिया का यह प्रयास एक सराहनीय और महत्वपूर्ण पहल है, जिससे सेना के जवानों, अग्निवीरों और विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला। उन्होंने इस पहल के लिए एडवोकेट ललित मोहन जोशी और सजग इंडिया की पूरी टीम का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने, अपने साथियों को जागरूक करने तथा समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में कर्नल मनोज उनियाल, कर्नल जगत सिंह नेगी, सेवानिवृत्त कर्नल राजकुमार सैनी, लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रताप सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल आर. डी. वर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल धनेश, मेजर दिलबाग सिंह, कैप्टन नवजोत, लेफ्टिनेंट कर्नल एस. शेखर, लेफ्टिनेंट कर्नल विजय तोमर, मेजर इंद्रमणि, मेजर फ्रांसिस, सूबेदार मेजर नंद किशोर, सूबेदार मेजर पुरन सिंह, सूबेदार मेजर सुखबीर सिंह, नायब सूबेदार नागेंद्र सिंह नेगी , सूबेदार हीरा सिंह सहित गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर के 300 से अधिक जवान उपस्थित रहे।
नशे के खिलाफ लड़ाई केवल किसी एक संस्था या परिवार की नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी और पूरे समाज को मिलकर लड़नी होगी।
ललित मोहन जोशी,शिक्षाविद्
