- भाजपा सरकार पर भाकपा का तीखा हमला
- कुलियाल बोले-धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने का किया जा रहा प्रयास
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता परिवर्तन के मुद्दे को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। पार्टी की ओर से शहरों से लेकर गांवों तक पहुंचकर लोगों से संवाद किया जा रहा है और आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक बदलाव के लिए जनता को लामबंद करने का आह्वान किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भाकपा उत्तराखंड के प्रदेश सचिव जगदीश कुलियाल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने नरेंद्रनगर के विभिन्न नगर वार्डों में जनसंपर्क किया।
इस दौरान प्रदेश सचिव जगदीश कुलियाल के साथ जनपद टिहरी के प्रभारी विनोद ध्यानी, टिहरी जिला काउंसिल सदस्य विनोद सेमल्टी और मुनि की रेती शाखा के सचिव विष्णु वर्मा सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगरवासियों से मुलाकात की। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बदलाव की आवश्यकता बताते हुए जनता से जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।
भाजपा पर लगाया देश को बांटने का आरोप
पत्रकारों से बातचीत में भाकपा प्रदेश सचिव जगदीश कुलियाल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को गुलामी और सामंतशाही से मुक्ति दिलाने तथा चहुंमुखी विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयास वर्ष 2014 के बाद से बाधित हुए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में देश एक बार फिर गंभीर चुनौतियों की जद में दिखाई दे रहा है।
कुलियाल ने भाजपा पर धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता हासिल करने के लिए समाज में विभाजन की राजनीति लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण का श्रेय लेने वाली भाजपा आज जनता के सवालों के कटघरे में खड़ी है।
जल-जंगल-जमीन को लेकर सरकार पर हमला
प्रदेश सचिव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बड़े माफियाओं को संरक्षण मिल रहा है और जल, जंगल व जमीन से जुड़े संसाधनों को कथित तौर पर चुनावी फंडिंग करने वाले उद्योगपतियों के हित में इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने पेपर लीक, महिला हिंसा, अल्पसंख्यकों, गरीबों तथा अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे लोगों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेती-किसानी के सामने जंगली जानवरों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन सरकार इसका स्थायी समाधान निकालने के बजाय बड़े-बड़े विज्ञापनों के माध्यम से विकास और सुशासन का प्रचार कर जनता को गुमराह कर रही है।
1 सितंबर को दिल्ली में बड़ी जनसभा का ऐलान
कुलियाल ने कहा कि जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संयुक्त संघर्ष को और तेज किया जाएगा। इसी क्रम में **1 सितंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल जनसभा** आयोजित की जाएगी। उन्होंने जनता से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर जनसभा में शामिल होने और संघर्ष को मजबूत करने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान टिहरी के जिला प्रभारी विनोद ध्यानी, जिला काउंसिल सदस्य विनोद सेमल्टी, मुनि की रेती शाखा के सचिव विष्णु वर्मा, नरेंद्र सिंह नेगी सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
