Kharge Hits Back at BJP in Uttarakhand, Says ‘I Came to Remove BJP From Power’
- उत्तराखंड में गरजे खड़गे
- जनता, छात्रों और कांग्रेस के लिए आया हूं
- कार्यकर्ताओं से बूथ तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
उत्तराखंड@रूद्रपुर#RASHTRIY VICHAR। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड प्रवास के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। मुख्यमंत्री की ओर से उनके उत्तराखंड दौरे को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए खड़गे ने साफ कहा कि उनका दौरा पर्यटन के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता, छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच संगठन को मजबूत करने के लिए है।
खड़गे ने कहा कि उन्होंने पूरी दुनिया और पूरे हिंदुस्तान का दौरा किया है। उत्तराखंड आने का उनका उद्देश्य पर्यटन नहीं, बल्कि कांग्रेस को मजबूत करना और भाजपा को सत्ता से हटाना है। उन्होंने कहा, “मैं यहां टूरिज्म के लिए नहीं आया हूं। मैं अपने लोगों के लिए आया हूं, अपनी जनता के लिए आया हूं, छात्रों के लिए आया हूं, कांग्रेस पार्टी को जिंदा रखने के लिए आया हूं और भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए आया हूं।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने राजनीतिक शुचिता और वरिष्ठ नेताओं के सम्मान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति हमेशा अपने से वरिष्ठ और विपक्षी नेताओं का सम्मान करने की रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी विपक्ष में रहते हुए कर्नाटक आते थे, तब कांग्रेस के नेता उनका सम्मान करते थे और उनके रहने-खाने की समुचित व्यवस्था करते थे। खड़गे ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन वरिष्ठ और बुजुर्ग नेताओं का सम्मान अपनी जगह है।
खड़गे के इस बयान को उत्तराखंड की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ती सियासी तल्खी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
कांग्रेस अध्यक्ष के तेवरों से साफ है कि पार्टी उत्तराखंड में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ भाजपा सरकार के खिलाफ जनमुद्दों को राजनीतिक अभियान का केंद्र बनाने की तैयारी में है।
