India-Nepal Friendship Meet in Darchula Strengthens Cultural Ties and Women’s Empowerment
- भारत-नेपाल मैत्री बैठक में मजबूत हुए रोटी-बेटी के रिश्ते
- भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रूचि भट्ट और नेपाल के सभासद गोविंद बराल सहित महिला टीम एक मंच पर
- दोनों देशों की महिलाओं के बीच संवाद, सहयोग और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा
नदीम परवेज@ धारचूला/दार्चुला (नेपाल)।
भारत-नेपाल के सदियों पुराने रोटी-बेटी के रिश्तों को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से नेपाल के दार्चुला में भारत-नेपाल मैत्री बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट अपनी टीम के साथ शामिल हुईं। कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों देशों की महिलाओं के बीच संवाद, सहयोग और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र नेगी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच सदियों से सांस्कृतिक, सामाजिक और पारिवारिक रिश्ते जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
राजेंद्र नेगी ने उत्तराखंड में संचालित ‘लखपति दीदी’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल ने हजारों महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नेपाल में भी महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए इसी प्रकार की योजनाएं संचालित हों, जिससे वहां की महिलाओं को भी स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

बैठक के दौरान नेपाल की महिला प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। साथ ही उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने आश्वासन दिया कि जिन विषयों का समाधान सरकारी स्तर पर संभव होगा, उन्हें संबंधित मंचों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में नेपाल की ओर से सभासद एवं ओडा अध्यक्ष गोविंद बराल तथा उनकी महिला टीम उपस्थित रही। भारत की ओर से भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष कमला चुफाल, जिला अध्यक्ष लक्ष्मी मेहता, शकुंतला अगारी, सीमा रोकली, राधा बिष्ट, राधा मर्तोलिया, तुलसी, लक्ष्मी परमार, इंद्रा देवी, मनीष नवीन सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मैत्री बैठक के आयोजन और समन्वय में भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र नेगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भारत और नेपाल के ऐतिहासिक रिश्तों की सबसे मजबूत कड़ी दोनों देशों की जनता और विशेषकर महिलाएं हैं, जो आपसी सहयोग और विश्वास के साथ इन संबंधों को नई मजबूती प्रदान कर रही हैं।
