HNB Garhwal University Fake Degree Scam: Another Accused Arrested, Fake Documents Recovered
- देहरादून से दबोचा गया आरोपी
- फर्जी अंकतालिकाएं और कूटरचित दस्तावेज बरामद
- पूरे सिंडिकेट की जांच तेज
देहरादून@Rashtriy Vichar। हेमवती नंदन बहुगुणा (एचएनबी) गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी डिग्री और अंकतालिकाएं तैयार कर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ पौड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी अंकतालिकाएं, कूटरचित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि यह केवल शुरुआत है और पूरे फर्जी डिग्री सिंडिकेट का जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।
मामले की शुरुआत 25 मार्च 2026 को हुई, जब एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान ने कोतवाली श्रीनगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कासिफ कलीम और उसके सहयोगी विश्वविद्यालय के नाम, डिग्री प्रारूप, अंकतालिकाओं, आधिकारिक मोहरों और अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर नकली दस्तावेज तैयार कर रहे हैं और उन्हें असली बताकर उपयोग में ला रहे हैं। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने पहले मुख्य आरोपी कासिफ कलीम को गिरफ्तार किया था। विवेचना के दौरान देवांश पाण्डेय की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने रायपुर, देहरादून से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाशी में फर्जी अंकतालिकाएं और कई कूटरचित दस्तावेज बरामद हुए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच अभी जारी है और यह गिरोह कई लोगों तक फैला हो सकता है। नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अब तक कितने लोगों को फर्जी डिग्रियां और अंकतालिकाएं उपलब्ध कराई गईं तथा इस रैकेट का दायरा किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।
