Rahul Gandhi Demands Amit Shah’s Resignation, Supreme Court Probe Over Student Crackdown
- छात्रों के मुद्दे पर राहुल के तीखे तेवर
- गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की उठाई मांग
- पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता बोले राहुल गांधी
नई दिल्ली@Rashtriy Vichar।
संसद के मानसून सत्र के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ पूरी तरह आक्रामक नजर आए। बुधवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की और पूरे मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।
घायलों के पुख्ता प्रमाण: राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके पास घायल छात्रों की तस्वीरें, चिकित्सीय दस्तावेज और पैलेट गन के इस्तेमाल के प्रमाण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बर्बरतापूर्ण कार्रवाई की गई, जिसमें कई छात्र घायल हुए और एक छात्र की आंख की रोशनी तक चली गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान सादी वर्दी में मौजूद लोगों की भूमिका संदिग्ध रही।
गृह मंत्री से नहीं मिला कोई जवाब: कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर गृह मंत्री को पत्र लिखकर जवाब मांगा था, लेकिन अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए फेशियल रिकग्निशन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है और सरकार इस पूरे मामले से ध्यान हटाने के लिए नए विधेयक ला रही है।
संसद में बोलने नही दिया: राहुल गांधी ने कहा कि संसद में भी उन्हें इस मुद्दे पर बोलने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने दोहराया कि यदि पैलेट गन के इस्तेमाल का आदेश गृह मंत्री ने दिया है तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए और यदि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी, तब भी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस इस मुद्दे को पूरी मजबूती से उठाती रहेगी।
