Adi Kailash Taxi Union Formed in Dharchula, Rajan Nabiyal Elected President
- स्थानीय टैक्सी संचालकों ने बनाई नई यूनियन
- पर्यटन और रोजगार को मिलेगा नया आधार
नदीम परवेज@ धारचूला। सीमांत क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय टैक्सी संचालन को अधिक संगठित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में रविवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) गेस्ट हाउस, धारचूला में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सलाहकार समिति, आदि कैलाश टैक्सी ऑनर्स यूनियन, स्थानीय वाहन स्वामियों और युवाओं की मौजूदगी में संगठन का पुनर्गठन करते हुए सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब संगठन आदि कैलाश टैक्सी यूनियन, धारचूला के नाम से कार्य करेगा।
यूनियन में इन्हें मिली जिम्मेदारी
बैठक में महीराज सिंह गार्बियाल को संरक्षक बनाया गया, जबकि सलाहकार समिति में हरीश सिंह कुटियाल, धर्म सिंह बिष्ट, मनोज नंग्नियाल और महेंद्र सीपाल को शामिल किया गया। नई कार्यकारिणी में राजन नबियाल को अध्यक्ष, हरीश गुंजीयाल को सचिव, प्रहलाद नबियाल को कोषाध्यक्ष तथा लक्ष्मण को वित्त सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई। मीडिया एवं सोशल मीडिया का दायित्व अरविंद रौंकली, राहुल दरियाल, जगदीश और अनुराग को दिया गया। उपाध्यक्ष पद पर कविंद्र बुदियाल, प्रकाश दुक्ताल, हिमांशु ह्यांकी, रजत दताल और राजू खिमाल तथा सह सचिव पद पर कैलाश नबियाल का चयन किया गया।
परिवहन नियामों के तहत संचालित होगी यूनियन: अध्यक्ष
बैठक में बताया गया कि नई यूनियन के माध्यम से ब्यास, दारमा, चौंदास और धारचूला बाजार क्षेत्र के सभी स्थानीय टैक्सी स्वामियों को एक मंच पर जोड़ा गया है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजन नबियाल ने कहा कि आदि कैलाश अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है। ऐसे में सभी वाहन स्वामी अपने वाहनों के दस्तावेज पूरे रखें, चालकों का पुलिस सत्यापन कराएं और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करें।
समस्याओं के समाधान प्राथमिकता
उन्होंने प्रशासन से स्कॉर्पियो और अन्य टैक्सी वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था विकसित करने, आदि कैलाश मार्ग पर संचालित वाहनों को आरटीओ से विधिवत परमिट दिलाने तथा बीमा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। साथ ही सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा लंबे समय से चल रहे सड़क सुधार कार्य में तेजी लाने की भी मांग की गई।
बाहरी टैक्सी वाहन केवल धारचूला तक होंगे संचालित
राजन नबियाल ने स्पष्ट किया कि बाहरी टैक्सी वाहन केवल धारचूला तक ही संचालित होंगे, जबकि आगे की यात्रा स्थानीय टैक्सी यूनियन के वाहनों से कराई जाएगी, जिससे सीमांत क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय वाहन स्वामियों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
बैठक में पुनीत कुटियाल, महीराज सिंह गार्बियाल, जोहार सिंह, हरीश कुटियाल, ललित बिष्ट सहित बड़ी संख्या में स्थानीय वाहन स्वामी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाकर सीमांत क्षेत्र में पर्यटन, रोजगार और स्थानीय हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
