Teachers Protest in Narendranagar, Demand TET Exemption and Restoration of Old Pension Scheme
- दो सूत्रीय मांगों को लेकर सड़क पर उतरे शिक्षक
- प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर। प्रांतीय एवं जिला संगठन के आह्वान पर उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर एसोसिएशन के बैनर तले विकासखंड नरेंद्र नगर के शिक्षकों ने शुक्रवार को अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी नरेंद्र नगर आशीष घिल्डियाल एवं उपखंड शिक्षा अधिकारी का कार्यभार देख रहीं खंड शिक्षा अधिकारी दीप्ति के माध्यम से प्रेषित किया।

शिक्षकों की प्रमुख मांगों में 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता से मुक्त किए जाने और 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल किए जाने की मांग शामिल रही।
धरना प्रदर्शन में विकासखंड के दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए। तहसील परिसर में आयोजित सभा में शिक्षक नेताओं ने सरकार से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। इस दौरान शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी आवाज बुलंद की।
औपचारिकता पूरी कर आए हैं सेवा में: शाखा संगठन के मंत्री राकेश उनियाल ने कहा कि 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षक प्रतियोगी परीक्षा, प्रशिक्षण और आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद सेवा में आए हैं, ऐसे में उन पर दोबारा टीईटी की अनिवार्यता लागू करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री से शिक्षकों की मांगों पर संवेदनशीलता से विचार कर समाधान निकालने की उम्मीद जताई।
योग्यता पर न उठाएं सवाल: वरिष्ठ उपाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह भंडारी, जिला कोषाध्यक्ष अजय चमोली, सीमा डबराल और सरोजिनी रावत ने कहा कि शिक्षक सेवा के दौरान लगातार प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं, इसलिए कार्यरत शिक्षकों की योग्यता पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने इसे शिक्षकों के साथ भेदभाव बताया।
जारी रहेगा आंदोलन: शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार उनकी मांगों पर विचार कर स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाएगी।
ज्ञापन देने और धरना प्रदर्शन में शाखा संघ के मंत्री राकेश उनियाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शीशपाल भंडारी, जिला कोषाध्यक्ष अजय चमोली, विनीता कोठियाल, नीमा भट्ट, सर्वेश्वरी रावत, कलावती, रेनू लाखेड़ा, मीनाक्षी,सुरेश बिजल्वाण, प्रकाश ड्यूंडी,शंकर प्रसाद, रविंद्र, यशपाल सिंह चौहान, मनीषा,सीमा डबराल, उत्तम सिंह, गोदांबरी, मनमोहन रांगड़,सरोजिनी रावत, संगीता, रजनी, मनोज भंडारी व मीनाक्षी जोशी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद थे।
