Grand Yoga Session and Cleanliness Drive Organized at PTC Narendra Nagar on 12th International Yoga Day
- सफाई अभियान व योग की निरंतरता बनाए रखने का लिया संकल्प
- योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर।
पुलिस ट्रेनिंग सेंटर नरेंद्र नगर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वच्छता अभियान के साथ आकर्षक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बताते चलें कि पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (पीटीसी) में आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस वर्ष की थीम योग स्वास्थ्य के लिए संजीवनी पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में उपस्थित हुए पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण अनंत शंकर ताक वाले की गरिमा मय उपस्थित से पुलिस जवानों में जोश और उत्साह दर्शनीय था।
पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के उप महानिरीक्षक/निदेशक यशवंत सिंह के सफल दिशा निर्देशन में बेहतरीन तरीके से सम्पन्न हुए कार्यक्रम की सभी ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है।
कार्यक्रम के दौरान पीटीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षणाधीन प्रशिक्षुओं द्वारा सामूहिक योगाभ्यास किया गया।
योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर योग को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने पर बल दिया गया।
साथ ही उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
योग सत्र के उपरांत पीटीसी परिसर से काण्डा गांव तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, नगर पालिका परिषद, नरेन्द्र नगर एवं वेस्टिन होटल, नरेन्द्र नगर के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। अभियान के दौरान साफ-सफाई कर आमजन को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक/उपनिदेशक प्रकाश चंद्र, सहायक पुलिस अधीक्षक कुश मिश्रा, अधिशासी अधिकारी-नगर पालिका परिषद नरेन्द्रनगर एलम सिंह रावत, प्रतिसार निरीक्षक अर्जुन सिंह, विनोद गौड़, (प्रशिक्षण), निरीक्षक केदार सिंह सहित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में नियुक्त समस्त अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं प्रशिक्षणाधीन प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने चलाया सफाई अभियान
इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद, नरेन्द्र नगर एवं वेस्ट इन होटल, नरेन्द्र नगर के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम एवं स्वच्छता अभियान में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से योग एवं स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षुओं ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक रहने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर वक्ताओं द्वारा कहा गया कि “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। वहीं स्वच्छता स्वस्थ समाज की आधारशिला है। योग और स्वच्छता दोनों को जीवन का हिस्सा बनाकर ही हम एक सशक्त, स्वस्थ, जागरूक एवं समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का अनुरोध सभी से करते हुए कहा कि करो योग रहो निरोग की उक्ति तभी सार्थक होगी जब हम योग को अपने नित्य कर्म में अपनाएंगे।
