- नगरासू गुरुद्वारे में बवाल: सेवादारों से मारपीट
- छत पर चढ़े निहंग, चला हाई वोल्टेज ड्रामा
चमोली@Rashtriy Vichar।हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर स्थित नगरासू घोलतीर गुरुद्वारे में शनिवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब यात्रा पर आए कुछ निहंग सिखों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान गुरुद्वारे पर कब्जा कर लिया। आरोप है कि निहंगों ने परिसर में रह रहे सेवादारों के साथ मारपीट की, सूचना पट्ट उखाड़ दिए और माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर कुछ निहंग गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए और हथियार लहराने लगे। इस दौरान गुरुद्वारे और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। यह भी आरोप है कि एक यात्री को जबरन अपने कब्जे में रखा गया, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों को भी तैनात किया गया। देर रात तक अधिकारी मौके पर डटे रहे और हालात पर नजर बनाए रखी।
बताया जा रहा है कि निहंगों का गुस्सा 16 जून को कर्णप्रयाग में हुई एक घटना को लेकर है। उनका आरोप है कि उस मामले में स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधन ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई, जिससे वे नाराज थे। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने नगरासू गुरुद्वारे में विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी विकास पुंडीर ने बताया कि गुरुद्वारे में करीब सात निहंग मौजूद हैं। पुलिस और आईटीबीपी की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
