Pithoragarh Administration Completes Preparations for Kailash Mansarovar Yatra 2026
- आस्था और उत्साह के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 की तैयारियां पूरी
- 10 दलों में 500 श्रद्धालु होंगे शामिल
- प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के किए पुख्ता इंतजाम
नदीम परवेज@ धारचूला। कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के सफल संचालन को लेकर पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भट्टगांई की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यात्रा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष यात्रा के लिए कुल 10 दल प्रस्तावित हैं, जिनमें प्रत्येक दल में 50 श्रद्धालु शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 500 श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा में भाग लेंगे। यात्रा का पहला दल आगामी 6 जुलाई 2026 को पिथौरागढ़ पहुंचेगा।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए 12 वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन ने स्वास्थ्य, सुरक्षा, आवास, भोजन, पेयजल, स्वच्छता और संचार व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को यात्रा मार्ग पर पर्याप्त चिकित्सकों, विशेषकर फिजिशियन डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एम्बुलेंस, दवाइयों और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को हर समय उपलब्ध रखने पर जोर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस, ITBP, सेना और अन्य एजेंसियों को संवेदनशील क्षेत्रों एवं पड़ाव स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सीमा सड़क संगठन को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
