Uttarakhand SIR Campaign Gains Momentum, 94.86% Electoral Forms Distributed
उत्तराखण्ड में मतदाता पुनरीक्षण अभियान तेज, 94.86% चुनावी फॉर्म वितरण पूरा
देहरादून@Rashtriy Vichar#SIR। उत्तराखण्ड में 8 जून से चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश में अब तक 75.51 लाख से अधिक चुनावी फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 94.86 प्रतिशत है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने अभियान में जुटे सभी कार्मिकों की सराहना करते हुए कहा कि 7 जिलों के 13 बीएलओ ने मात्र 8 दिन में गणना फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा कर मिसाल पेश की है।
अभियान में चंपावत जिला 99.98 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में शीर्ष पर रहा, जबकि अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जैसे पहाड़ी जिलों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भी तेजी से कार्य हुआ है। हालांकि देहरादून जिले का प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा।
राज्यभर में 11,732 बीएलओ मतदाता सूची शुद्धिकरण और नए मतदाताओं को जोड़ने के अभियान में जुटे हैं। निर्वाचन आयोग ने शेष फॉर्मों के जल्द वितरण के निर्देश दिए हैं।
ये बीएलओ रहे अव्वल
एसआईआर अभियान के तहत पहले चरण में गणना फार्म वितरण और डिजिटाईजेशन का कार्य पूर्ण करने वाले बीएलओ में अल्मोड़ा जनपद के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र से रमेश पुजारी और पुष्पा देवी शामिल हैं। चमोली जनपद के बद्रीनाथ विधानसभा से पान सिंह नेगी तथा कर्णप्रयाग विधानसभा से हरीश नैनवाल ने कार्य पूरा किया है।
देहरादून जनपद के चकराता विधानसभा क्षेत्र से मीनाक्षी रावत, पौड़ी जनपद के पौड़ी विधानसभा से गब्बर सिंह, संगीता रावत और विजय बिष्ट ने कार्य पूर्ण किया। इसी प्रकार पिथौरागढ़ जनपद के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र से कर्ण बहादुर कार्की और जानकी चंद, रुद्रप्रयाग जनपद के केदारनाथ विधानसभा से उषा रावत और निर्मला देवी तथा टिहरी गढ़वाल जनपद के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र से सुमन ने भी एसआईआर का कार्य पूरा किया।

