- भारतीय सीमा से लगे नेपाल के बैतड़ी जिले में हुआ दर्दनाक हादसा
पिथौरागढ़। भारतीय सीमा से लगे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरूवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 45 लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब बारात दुल्हन को लेकर बझांग के सुनकुडा की ओर लौट रही थी। जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम, पुर्चौड़ी नगरपालिका सात के भौनी गांव से बारात लेकर लौट रही बस उसी वार्ड के बढ़गांव मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर सुप प्र 02 001 ख 1119 बताया गया है।
जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी दीपक कुमार ने बताया कि हादसे में 8 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में बझांग जिले के बित्थडचिर गांवपालिका सात निवासी 40 वर्षीय केशव राज जोशी, 13 वर्षीय अशोक राज जोशी, 35 वर्षीय बसंत जोशी, 41 वर्षीय विष्णुदत्त जोशी, 42 वर्षीय नरेश राज जोशी शामिल हैं। इसके अलावा, बझांग के केदारस्यु गांवपालिका निवासी 60 वर्षीय मोहन देव भट्ट, जयपृथ्वी गांवपालिका सात निवासी 40 वर्षीय बसंत राज,
तथा बैतड़ी के पुर्चौड़ी नगरपालिका सात निवासी पुष्पा अवस्थी की भी मौत हो गई है। हादसे में 45 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, घायलों के उपचार पास के अस्पताल में चल रहा है। गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
