Youth Falls into Gorge While Taking Selfie in Chamoli’s Pokhari, Rescued Safely by Police
- पुलिस ने रेस्क्यू कर बचाई जान
Chamoli/Pokhari @Rashtriy Vichar#Accident#। उत्तराखंड के चमोली जिले के पोखरी क्षेत्र में सेल्फी लेने के दौरान एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। घटना गुनियालाधार के पास की है, जहां समय रहते पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम की तत्परता से युवक की जान बच गई। घायल युवक को रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पोखरी थाने में तैनात अपर उपनिरीक्षक दलवीर सिंह नेगी ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली थी कि एक युवक सेल्फी लेते समय खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही चीता मोबाइल में तैनात हेड कांस्टेबल जसवंत सिंह पुलिस टीम और आपदा प्रबंधन उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुए। काफी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी भेजा गया। सीएचसी पोखरी के अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने बताया कि युवक के मुंह और सिर पर हल्की चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।
कार्तिक स्वामी मंदिर दर्शन को जा रहे थे युवक
पुलिस को सूचना देने वाले रवि जोशी पुत्र सुरेश चंद्र जोशी निवासी बिंदुखत्ता, थाना लालकुआं, जिला नैनीताल ने बताया कि वह अपने दोस्त कुशाल सिंह भंडारी पुत्र चंदन सिंह भंडारी निवासी बिंदुखत्ता के साथ मोटरसाइकिल से कार्तिक स्वामी दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में गुनियालाधार के पास दोनों सड़क किनारे रुककर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान अचानक कुशाल सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा गिरा।
