Political Show of Strength in Narendra Nagar as BJP, Congress and UKD File Nominations
- नरेंद्र नगर निकाय चुनाव में भाजपा-कांग्रेस-यूकेडी का शक्ति प्रदर्शन
- भाजपा-कांग्रेस-यूकेडी आए आमने-सामने
- तीनों पार्टियों ने किये अपनी-अपनी जीत के दावे
- उक्रांद ने एक वार्ड पर दावेदारी कर, चुनाव में की एंट्री
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर।
नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर में अध्यक्ष एवं सभासद पदों के लिए नामांकन के अंतिम दिन भाजपा, कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। तीनों दलों के प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ रैलियां निकालते हुए तहसील परिसर पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किए, जिससे पूरा शहर चुनावी रंग में रंग गया।
दिग्गजों संग कांग्रेस प्रत्याशी ने किया नामांकन: की ओर से पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह गुसाईं ने बड़े नेताओं के साथ जुलूस निकालते हुए नामांकन दाखिल किया। उनके साथ पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, पूर्व पालिका अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि यह चुनाव जनबल और धनबल के बीच की लड़ाई है और उनका उद्देश्य शहर का चौमुखी विकास करना है। उन्होंने बेरोजगारी, व्यापार में गिरावट, बंदरों की समस्या और विकास कार्यों की उपेक्षा जैसे मुद्दों को उठाया।

सरकार पर बरसे ओमगोपाल: पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को घेरा और दावा किया कि इस चुनाव में कांग्रेस विजय हासिल करेगी।
इसी बीच उत्तराखंड क्रांति दल ने भी वार्ड नंबर 1 से कल्पना रावत को प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतरकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यूकेडी नेताओं ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य जनाधार बढ़ाना और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी करना है।
भाजपा प्रत्याशी ने सभासद प्रत्याशी के साथ किया नामांकन: वहीं भाजपा की ओर से निवर्तमान पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने भव्य शक्ति प्रदर्शन और आतिशबाजी के बीच नामांकन दाखिल किया। उनके साथ सातों वार्डों के सभासद प्रत्याशी भी मौजूद रहे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अधूरे विकास कार्य होंगे पूरे: भाजपा प्रत्याशी पंवार ने कहा कि उनका लक्ष्य पिछले कार्यकाल में शुरू किए गए विकास कार्यों को पूरा करना और शहर को प्रदेश के प्रमुख नगरों में शामिल करना है। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में नगर को स्वच्छता अभियान में प्रदेश में पहला स्थान मिला था।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में कहा कि नरेंद्र नगर की जनता का हमेशा भाजपा को आशीर्वाद मिला है और इस बार भी जनता विकास कार्यों के आधार पर मतदान करेगी। उन्होंने विपक्ष पर विकास कार्यों को बाधित करने का आरोप लगाया।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वे जब से राजनीति में आए हैं। हमेशा नरेंद्र नगर विधानसभा और इस नगर की जनता का आशीर्वाद उनके साथ रहा है। कहा चाहे वे किसी भी डल से चुनाव लड़ें हों जनता का आशीर्वाद हमेशा उन पर रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का कार्य केवल विकास कार्यों को बाधित करना है। उनियाल ने कहा कि आज वे लोग भी इस चुनाव में भागीदारी कर रहे हैं जो कि शहर में केंद्रीय विद्यालय खुलवाने का विरोध कर रहे थे तथा शहर की सीमा का विस्तार के कार्यों का भी विरोध कर रहे थे उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इस बार भी राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार के पिछले कार्यकाल के कार्यों को देखते हुए रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएगी।
