Villagers in Pithoragarh Border Area Demand Action Over Incomplete Telecom Tower and Neglected Basic Facilities
- ग्रामीणों ने जिला अधिकारी से की तत्काल कार्रवाई की मांग
- अप्रैल मध्य से माइग्रेशन करने वाले परिवार गांव लौटने लगेंगे
नदीम परवेज@Dharchula/Munsyari.Rashtriy Vichar। पिथौरागढ़ जनपद के सीमांत क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गांव वासियों द्वारा जिला अधिकारी पिथौरागढ़ को ज्ञापन भेजकर अधूरे दूरसंचार टावर कार्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि बोगडियार आईटीबीपी कैंप के समीप वर्ष 2025 में स्थापित दूरसंचार टावर आज तक अधूरा पड़ा हुआ है। एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कार्य पूर्ण न होना विभागीय उदासीनता को दर्शाता है और सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका भी उत्पन्न करता है।

30 अप्रैल 2026 को मल्ला जोहार विकास समिति, मुनस्यारी के प्रतिनिधियों द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया, जिसमें टावर की स्थिति बेहद खराब पाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि संचार सुविधा के अभाव में सीमांत क्षेत्र के लोग आज भी बुनियादी संपर्क से वंचित हैं, जो अत्यंत गंभीर समस्या है।
ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से मांग की गई है कि संबंधित विभाग की जवाबदेही तय करते हुए टावर निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराया जाए। साथ ही देरी और संभावित अनियमितताओं की जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने यह भी चेतावनी दी है कि अप्रैल मध्य से माइग्रेशन करने वाले परिवार गांव लौटने लगेंगे। ऐसे में यदि समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं की गईं, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पैदल व मोटर मार्गों की मरम्मत, नदी-नालों पर पुल निर्माण, खाद्यान्न आपूर्ति, पेयजल, संचार, सिंचाई व्यवस्था सुधारने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
