737 students, teachers, parents and citizens joined a mass ‘Vande Mataram’ recital in Dharchula to mark 150 years of the iconic patriotic song.
- 737 स्वरों में गूंजा वंदे मातरम्, धारचूला में दिखा देशभक्ति का जज्बा
नदीम परवेज @ धारचूला। वंदे मातरम् रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को धारचूला में राष्ट्रभक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संचालित विवेकानंद विद्या मंदिर और सरस्वती शिशु मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में जवाहर सिंह मिनी स्टेडियम में सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों, आचार्यों, अभिभावकों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के भैया-बहनों, आचार्यों, अभिभावकों सहित नगर के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री दीपक शर्मा ने की। मुख्य वक्ता केशव दत्त जोशी ने वंदे मातरम् के इतिहास, महत्व और राष्ट्र भावना में इसके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विवेकानंद विद्या मंदिर धारचूला के प्रधानाचार्य गगन सिंह बौरा ने अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया, जबकि सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य राजेंद्र जोशी ने अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन नन्दकिशोर पाठक ने किया।
इसके बाद विद्यालयों के विद्यार्थियों, आचार्यों, अभिभावकों एवं उपस्थित नागरिकों समेत कुल 737 लोगों ने एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। एक स्वर में गूंजते वंदे मातरम् से धारचूला जवाहर सिंह मिनी स्टेडियम का वातावरण देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो गया और उपस्थित लोगों ने इसे अद्भुत एवं भावपूर्ण दृश्य बताया।
कार्यक्रम में नगर के विभिन्न क्षेत्रों से गणमान्य नागरिकों ने प्रतिभाग किया। आयोजन को सफल बनाने में दोनों विद्यालयों के आचार्यों एवं विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं, वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर धारचूला नगर में दिनभर विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर में रैली भी निकाली गई, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
