Uttarakhand Shines with 10 Medals on Day 2 of National Youth Muay Thai Championship 2026
- 3 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ चमके खिलाड़ी
- 16 ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
- हल्द्वानी से उठी जीत की गूंज
- खिलाड़ियों ने नेशनल चैंपियनशिप में दिखाया दम
- प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्य आयोजक सतीश जोशी बोले- खिलाड़ियों में दिखाया तकनीक, आत्मविश्वास और जुझारूपन का प्रदर्शन
हल्द्वानी@Rashtriy Vichar#Championship। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 7वीं नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। मेजबान राज्य के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में कुल 10 पदक जीतकर पदक तालिका में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई, वहीं 16 खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल में पहुंचकर स्वर्ण पदक की उम्मीदों को और मजबूत किया है।
मुए थाई एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्य आयोजक सतीश जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार तकनीक, आत्मविश्वास और जुझारूपन का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक अल्मोड़ा की गर्विता बिष्ट ने केरल की खिलाड़ी नवरुद्र को एकतरफा मुकाबले में हराकर जीता। इसके बाद कृष्णा कुमार श्रीवास्तव और मनस्वी ने भी अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।
रजत पदक जीतने वालों में माही बिष्ट, अश्मिका कुकरेती और प्रतिष्ठा रावत शामिल रहीं, जबकि उन्नति रावत, रजनी नेगी, स्वराज गैरोला और निकिता ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों के लगातार शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। 4 जून को आयोजित समापन समारोह में क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।
दूसरे दिन उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार खेमराज भट्ट ने खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज वर्मा, महासचिव श्रीराम चौधरी, आयोजन सचिव नीलेश जोशी सहित अनेक खेल अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
