Congress Protests UTU Paper Leak, Demands Resignation of Uttarakhand Technical Education Minister
- पेपर लीक माफियाओं को सरकारी संरक्षण
- यूटीयू तक कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा
- गिरफ्तार हुए कार्यकर्ता,निजी मुचलके पर छोड़ा
देहरादून@Rashtriy Vichar। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU), झाझरा में सामने आए कथित पेपर लीक प्रकरण को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने शनिवार को इस मुद्दे पर भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नंदा की चौकी से यूटीयू परिसर तक विशाल पदयात्रा निकाली।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सरकार और तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की तथा मंत्री का पुतला फूंककर इस्तीफे की मांग की।
जैसे ही पदयात्रा विश्वविद्यालय परिसर के निकट पहुंची, पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की और झड़प हुई। कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, जिसके बाद प्रशासन ने विश्वविद्यालय का मुख्य द्वार बंद कर दिया। इसके विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर सुद्धोवाला जेल परिसर भेजा, जहां से उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
UTU बना भ्रष्टाचार का अड्डा: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में यूटीयू भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है और पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। उन्होंने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई गई तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन छेड़ेगी।
छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ा: चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि नीट और तकनीकी शिक्षा से जुड़ी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है। वहीं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने आरोप लगाया कि पेपर लीक माफियाओं को सरकारी संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री को तत्काल मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो यह आंदोलन पूरे उत्तराखंड में और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, सूर्यकांत धस्माना, आर्येंद्र शर्मा, राजीव महर्षि, जोत सिंह गुनसोला, राजेंद्र भंडारी, गरिमा दसौनी, आशा मनोरमा डोबरियाल, विजय सारस्वत, डॉ. प्रतिमा सिंह, डॉ. जसविंदर सिंह गोगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
