- पीसीएस परीक्षा में बेटियों का जलवा, जसमीत कौर और वर्षा जोशी ने मारी बाजी
हरिद्वार@Rashtriy Vichar#। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल एवं प्रवर अधीनस्थ सेवा (PCS) परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। आयोग द्वारा यह परिणाम मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड परीक्षण और चिकित्सीय परीक्षण के आधार पर घोषित किया गया। परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही प्रदेश को 9 नए डिप्टी कलेक्टर मिल गए हैं, जबकि विभिन्न विभागों में कई महत्वपूर्ण पदों पर भी अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
आयोग के अनुसार डिप्टी कलेक्टर पद पर जसमीत कौर ने पहला और वर्षा जोशी ने दूसरा स्थान प्राप्त कर बेटियों का परचम लहराया है। इनके अलावा आशुतोष नौटियाल, अमित चंद्र द्विवेदी, मीनाक्षी भाटिया, फराज मियां, वायरल शर्मा, उज्ज्वल डालाकोटी और काजल सैनी का चयन भी डिप्टी कलेक्टर पद पर हुआ है।
वहीं पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर अदिति पुनेठा, ऐश्वर्या भट्ट, मनीष चंद्र रमोला, संदीप कुमार पटेल, शताक्षी शर्मा, सक्षम, गोविंद पांडेय, हिमांशु दिवाकर, श्रेया सिंह और प्रकृति नेगी का चयन हुआ है।
इसके अतिरिक्त आयोग ने जिला कमांडेंट होमगार्ड, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, राज्य कर अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी, उप शिक्षा अधिकारी और अन्य विभागीय पदों पर भी अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है।
आयोग द्वारा जारी परिणाम के बाद सफल अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। प्रदेशभर से चयनित अभ्यर्थियों को बधाइयों का सिलसिला जारी है।
बेटियों ने फिर बढ़ाया उत्तराखंड का मान
PCS परीक्षा परिणाम में इस बार बेटियों का दबदबा देखने को मिला। डिप्टी कलेक्टर पद पर पहले और दूसरे स्थान पर बेटियों ने कब्जा जमाया, जबकि DSP समेत कई अहम पदों पर भी महिला अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इन प्रमुख पदों पर हुआ चयन
- 9 डिप्टी कलेक्टर
- 10 पुलिस उपाधीक्षक (DSP)
- 5 जिला कमांडेंट होमगार्ड
- 58 उप शिक्षा अधिकारी
- 53 राज्य कर अधिकारी
- 16 सहायक आयुक्त राज्य कर
- 14 वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी
- 7 सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी
