Anganwadi Workers Protest in Ukhimath Over 11-Point Demands, Warn of Intensified Agitation
- मानदेय बढ़ाओ या आंदोलन बढ़ेगा: ऊखीमठ में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का फूटा गुस्सा
- आंदोलन को गुरिल्ला संगठन सहित कई सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला
रुद्रप्रयाग @ Rashtriy Vichar.Ukhimath.
ऊखीमठ तहसील मुख्यालय में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का आक्रोश फूट पड़ा। अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर बड़ी संख्या में एकत्रित कार्यकर्त्रियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और तख्तियां लेकर रैली निकाली।
लंबे समय से लंबित मांगों की अनदेखी से नाराज कार्यकर्त्रियों ने साफ कहा कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे उनमें गहरा असंतोष व्याप्त है।
कार्यकर्त्रियों ने अपनी प्रमुख मांगों में मानदेय बढ़ोतरी, नियमितीकरण, सेवानिवृत्ति पर पेंशन, कार्य के अनुरूप सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा की मांग को प्रमुख बताया। उनका कहना है कि वर्तमान में अत्यंत कम मानदेय में अत्यधिक कार्य लिया जा रहा है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
आंदोलन को गुरिल्ला संगठन सहित कई सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला। जिलाध्यक्ष बसन्ती रावत ने कहा कि 11 अप्रैल से लगातार आंदोलन जारी है, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन का कोई प्रतिनिधि उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
प्रदर्शन के बाद कार्यकर्त्रियों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन भेजकर अपनी मांगों को विस्तार से रखा। इस दौरान तहसील परिसर में लंबे समय तक प्रदर्शन जारी रहा, जिससे क्षेत्र में हलचल बनी रही।
