- नरेन्द्रनगर में शोक की लहर: सुशीला देवी (82) ने ली अंतिम सांस, सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि
वाचस्पति रयाल@ नरेन्द्रनगर,रा.वि.। तहसीलदार नरेन्द्रनगर अयोध्या प्रसाद उनियाल की माता सुशीला देवी (82 वर्ष) का शुक्रवार रात्रि लगभग 11 बजे उनके देहरादून स्थित नथुवावाला निवास पर निधन हो गया। उनके निधन से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।
परिजनों के अनुसार सुशीला देवी पिछले लगभग दो सप्ताह से अस्वस्थ चल रही थीं और उनका इलाज देहरादून के कैलाश अस्पताल में चल रहा था। उपचार के बाद उन्हें घर लाया गया, जहां शुक्रवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
शनिवार को उनका अंतिम संस्कार ऋषिकेश के पूर्णानंद घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ किया गया। उनके पुत्र अयोध्या प्रसाद उनियाल और अरविंद उनियाल ने नम आंखों से मां की चिता को मुखाग्नि दी। अंत्येष्टि में शामिल सैकड़ों लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
स्वर्गीय सुशीला देवी अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके निधन से नरेन्द्रनगर क्षेत्र, उनके पैतृक गांव खाल-खड़करी नकोट तथा देहरादून के नथुवावाला क्षेत्र में शोक की लहर है।
सुशीला देवी अपने मिलनसार स्वभाव, सादगी और व्यवहार कुशलता के लिए जानी जाती थीं। आसपास के गांवों की महिलाएं और युवा उन्हें मार्गदर्शक व संरक्षक के रूप में मानते थे। उनकी कर्मठता, सादगी और मधुर व्यवहार को लोग लंबे समय तक याद करते रहेंगे।
उनकी अंतिम यात्रा में उपजिलाधिकारी नरेन्द्रनगर आशीष घीड़ियाल, नगर पालिका मुनि की रेती के पूर्व अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, समाजसेवी बच्चन पोखरियाल, हिमांशु बिजलवान, विनोद तिवारी , दर्शन काला, दीपक बिजलवान, विवेक जोशी, प्रकाश डियूंडी, नरेन्द्रनगर के पूर्व पालिका उपाध्यक्ष राजेंद्र गुसाईं, मस्तराम डोभाल, रमेश रतूड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
