Tapo Van–Ranthi Road Work Stalled, Villagers Protest and Warn of Election Boycott
- तपोवन–रांथी मोटर मार्ग का चौड़ीकरण ठप
- ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी
नदीम परवेज@धारचूला। ग्रामसभा रांथी के अंतर्गत तपोवन–रांथी मोटर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य पिछले कई महीनों से पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है, जबकि लुरकोट–रांथी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पिछले करीब 10 वर्षों में केवल 8–9 किलोमीटर तक ही सीमित रह गया है। लगातार देरी और धीमी प्रगति से क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में देरी के कारण आमजन को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और क्षेत्र का विकास भी प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कई बार शासन-प्रशासन को पत्रों एवं अन्य माध्यमों से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
सोमवार को विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार की मौजूदगी में बैठक भी आयोजित की गई, लेकिन बैठक के बाद भी निर्माण कार्य को लेकर कोई स्पष्ट निर्णय या समयबद्ध आश्वासन नहीं दिया गया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग ठेकेदार से तय समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने में विफल साबित हो रहा है। इसी के विरोध में ग्राम प्रधान रांथी हरीश धामी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विभाग और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं किया गया तो वे आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने इसके लिए पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग पर तय की है।
