- शिमला बायपास पर जानलेवा हमले का था आरोपी
- साथी अंधेरे का फायदा उठा कर हुआ रफूचक्कर
- 5 लाख में पुरानी महिला मित्र ने दी थी सुपारी
देहरादून@Rashtriya Vichar। पटेल नगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई अचानक मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने अपनी मौके पर गिरफ्त में ले लिया है। वहीं उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार इलाके में सघन चेकिंग और सर्च अभियान चला रही है।
जांच में घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान के रूप में हुई है। अंकित ने कुछ दिन पूर्व शिमला बायपास रोड पर एक व्यक्ति को जान से मारने की नीयत से उस पर ताबातोड़ फायरिंग की थी। इस वारदात के पीछे मुख्य वजह पैसों का लेनदेन और साजिश थी। आरोपी ने घायल व्यक्ति की पुरानी महिला मित्र से उसे रास्ते से हटाने के लिए 5 लाख की भारी-भरकम रकम में सौदा तय किया था।
सौदा तय होने के बाद आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया था, लेकिन वह सुपारी की बाकी बची रकम वसूलने के लिए आज दोबारा अपने साथी के साथ देहरादून आया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया और जवाबी कार्रवाई में आरोपी अंकित गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी बेहद शातिर किस्म का अपराधी है, जो पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल रहकर जेल की हवा खा चुका है। पुलिस अब फरार साथी और साजिशकर्ता महिला की तलाश में जुटी है।
