Ganga River Near Warning Level in Rishikesh, High Alert Issued Amid Heavy Rainfall
- त्रिवेणी घाट की सीढ़ियां जलमग्न,
- गंगा आरती का स्थान बदला
- अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी
ऋषिकेश@Rashtriy Vichar। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते ऋषिकेश में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा चेतावनी रेखा (39.50 मीटर) से महज करीब 50 सेंटीमीटर नीचे बह रही है, जिससे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। हालात को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर त्रिवेणी घाट, मुनि की रेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र के सभी प्रमुख घाट श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खाली करा दिए गए हैं। बढ़ते जलस्तर के कारण त्रिवेणी घाट की निचली और मध्य सीढ़ियां पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं। इसके चलते प्रतिदिन होने वाली प्रसिद्ध गंगा आरती को भी एहतियातन सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।
आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें मुनि की रेती से परमार्थ निकेतन तक लगातार निगरानी में जुटी हैं। नावों, लाइफ जैकेट और अन्य राहत उपकरणों के साथ जवान संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात हैं। पुलिस लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को नदी से दूर रहने और तटीय बस्तियों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की लगातार अपील कर रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गंगा का बहाव अत्यंत तेज और खतरनाक है। इसलिए किसी भी श्रद्धालु या पर्यटक को नदी के किनारे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में और भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए गंगा के जलस्तर और बांधों से छोड़े जाने वाले पानी पर नियंत्रण कक्ष से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।
