Pregnant Woman Dies After Accident at Construction Site in Narendranagar Kanda Village
- नरेंद्रनगर ब्लॉक के कांडा गांव में निर्माणाधीन होटल की बिल्डिंग में चल रहा था काम
वाचस्पति रयाल@नरेंद्रनगर(टिहरी)।
नरेंद्रनगर ब्लॉक के कांडा गांव में निर्माणाधीन होटल की बिल्डिंग में मजदूरी कर रही एक गर्भवती महिला के सिर पर लकड़ी की बल्ली गिरने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
थानाध्यक्ष देवराज शर्मा ने बताया कि शनिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के समीप कांडा गांव में निर्माणाधीन एक होटल की बिल्डिंग में गर्भवती महिला प्रमिला (22) पत्नी भीम सिंह निवासी ग्राम चपाड़ी जिला गुमला झारखंड जमीन पर लगे मिक्चर मशीन में काम कर रही थी।
इस दौरान दूसरी मंजिल से लकड़ी की बल्ली गिर कर सीधे महिला के सिर पर जा लगी। इस कारण वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
बताया कि वहां मौजूद ठेकेदार ने गंभीर रूप से घायल महिला को अपने वाहन से संयुक्त चिकित्सालय नरेंद्रनगर पहुंचाया।
वहां डॉक्टर स्वर्णिका त्यागी ने जांच के बाद गम्भीर चोटिल हुई महिला को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि महिला आठ-नौ माह की गर्भवती थी। वह डेढ़ साल का बेटा और ढ़ाई साल की बेटी को छोड़ गई। पति-पत्नी पिछले पांच-छह साल से यहीं मजदूरी का काम कर रहे थे।
थानाध्यक्ष देवराज शर्मा ने बताया कि घटना दूसरी मंजिल से बल्ली गिरने से होना बताया जा रहा है। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए ऋषिकेश एम्स भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। मामले की जांच की जाएगी।
