Commercial vehicle operators in Pithoragarh may be required to visit Tanakpur for fitness certification from July 1, 2026, after the extension ends. The decision has triggered strong opposition from taxi unions citing financial and logistical hardship
- एक्सटेंशन अवधि 30 जून को समाप्त हुई समाप्त
- 1 जुलाई से टनकपुर में होगी फिटनेस
- वाहन संचालक बोल,अतिरिक्त दूरी तय करने से बढ़ेगा आर्थिक बोझ
नदीम परवेज@धारचूला
पिथौरागढ़ जिले के समस्त टैक्सी एवं कमर्शियल वाहनों को अब फिटनेस प्रमाणपत्र के लिए टनकपुर जाना पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार छह माह के लिए दी गई एक्सटेंशन अवधि 30 जून को समाप्त हो रही है। यदि कोई नया आदेश जारी नहीं होता है तो 1 जुलाई 2026 से वाहनों की फिटनेस जांच टनकपुर में ही की जाएगी।
इस निर्णय के बाद वाहन संचालकों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे आर्थिक बोझ और समय की समस्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
धारचूला व्यास वैली टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष प्रवेश नबियाल, छिपला-केदार टैक्सी यूनियन के केसर सिंह धामी तथा रं के कल्याण संस्था के प्रकाश सिंह गुंजियाल ने इस निर्णय पर घोर आपत्ति दर्ज की है। उनका कहना है कि आदि कैलाश यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में टैक्सियां संचालित होती हैं और वाहन फिटनेस के लिए 200 से 250 किलोमीटर दूर टनकपुर जाकर वापस लौटना वाहन संचालकों के लिए बेहद कठिन होगा।
उन्होंने कहा कि केवल एक फिटनेस प्रमाणपत्र के लिए सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय करना व्यावहारिक नहीं है। यूनियनों ने इस निर्णय को ” तुगलकी फरमान ” बताते हुए विरोध जताया है और कहा है कि इसके विरोध में समस्त टैक्सी यूनियन सड़कों पर उतरने की तैयारी कर रही हैं।
वहीं, आरटीओ पिथौरागढ़ के अनुसार इस संबंध में पत्र भेजा गया है, लेकिन अभी तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में यदि कोई नया आदेश नहीं आता है तो 1 जुलाई 2026 से टनकपुर में फिटनेस व्यवस्था लागू हो जाएगी। इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती दिख रही है और आने वाले दिनों में बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिल सकता है
