A tragic road accident on NH-07 near Mulyagaon in Tehri Garhwal left one motorcycle rider dead and another seriously injured after a collision with a bus. The injured is undergoing treatment while police investigate the incident.
- मूल्यागांव के पास सड़क हादसा, घायल का अस्पताल में उपचार जारी
टिहरी गढ़वाल@Rashrtiy Vichar। राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर मंगलवार को मूल्यागांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार, कर्णप्रयाग की ओर जा रही एक बस और मोटरसाइकिल के बीच मूल्यागांव के पास जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक मोटरसाइकिल सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर घायल को तत्काल राजकीय वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी (देवप्रयाग) भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक और घायल दोनों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
