Three Killed, Seven Injured in Two Separate Road Accidents in Pithoragarh
- पिथौरागढ़ में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा,गांव में पसरा मातम
पिथौरागढ़@Rashtriy Vichar#। पिथौरागढ़ जनपद में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन दर्दनाक दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसों के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
पहला हादसा थल क्षेत्र के थल-मोटर मार्ग पर ग्राम चौपड़ा के तोक छेण के पास हुआ, जहां एक बाइक अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान प्रदीप सिंह बवाला और योगेश देव निवासी ग्राम मालाथोली, पट्टी सतगढ़, तहसील थल के रूप में हुई है। वहीं घायल बलवंत सिंह का उपचार जारी है। सूचना मिलते ही थाना थल पुलिस, राजस्व उप निरीक्षक चौपड़ा की टीम और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया।
दूसरा हादसा मुनस्यारी क्षेत्र में ईको पार्क के पास हरकोट बैण्ड में हुआ। यहां एक आर्टिका कार अनियंत्रित होकर मुख्य सड़क से करीब 20 फीट नीचे खाई में जा गिरी। वाहन में सात लोग सवार थे। हादसे में नेत्र सिंह राणा निवासी बला, नाचनी की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी में भर्ती कराया गया है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित ड्राइविंग और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
