258 Teachers Honoured on National Teacher’s Day in Narendranagar
- नरेंद्रनगर में 258 शिक्षक-शिक्षिकाएं सम्मानित
- टीईटी रद्द करने समेत विभिन्न मांगों का सौंपा ज्ञापन
- शिक्षक दिवस समारोह में 400 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने लिया हिस्सा
- शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व को निखारकर बनाते हैं समाज का आधार: अलख नारायण दुबे
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर पालिका के रामलीला मैदान में पीपुल्स एसोसिएशन फार साइंटिफिक एजुकेशन ट्रस्ट के सौजन्य से शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 258 शिक्षक-शिक्षिकाओं को शाल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षक देश और समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। भावी पीढ़ी के निर्माण में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की पहली पाठशाला उनका घर होता है, इसलिए माता-पिता को भी बच्चों के भविष्य निर्माण में अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। शिक्षकों ने इस दौरान टीईटी टेस्ट रद्द करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष अलख नारायण दुबे ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के शिक्षक जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का सच्चा शिल्पकार है, जो बच्चों के व्यक्तित्व को निखारकर उन्हें समाज का उपयोगी नागरिक बनाता है।
इस मौके पर नगर पालिका नरेंद्र नगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, टिहरी में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं कुमाऊं मंडल के अपर शिक्षा निदेशक रहे शिवप्रसाद सेमवाल तथा टिहरी जिले की मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल आदि ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल नरेंद्र नगर के प्रधानाचार्य पंकज ड्यूंडी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए पीपल्स एसोसिएशन फार साइंटिफिक एजुकेशन ट्रस्ट तथा तमाम तरह की व्यवस्थाएं एवं स्थान उपलब्ध कराने के लिए पालिका परिषद का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी नरेन्द्रनगर दीप्ति, शिक्षक आदित्य नारायण, मदनलाल चमोली, व दीपक कुमार सहित 400 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यक्रम में मौजूद थे।
