Narendranagar Pensioners Protest Against PWD Over Drainage Crisis and Pending Pension Issues
- ‘अब नहीं सहेंगे अनदेखी’, रिटायर्ड कर्मचारियों ने भरी हुंकार
- समस्याओं के समाधान को लेकर पेंशनर संगठन ने दी आंदोलन की चेतावनी
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर। लंबे समय से समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर संगठन शाखा नरेंद्रनगर का सब्र आखिरकार टूट गया। संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) कार्यालय परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन करते हुए विभाग के खिलाफ तीखी नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पेंशनरों का आक्रोश साफ तौर पर दिखाई दिया। उनका कहना था कि वर्षों से लगातार पत्राचार और मांग उठाने के बावजूद विभाग उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
धरना-प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और संगठन के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए अपने कार्यालय में बुलाया। शाखा अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान, शाखा सचिव रघुवीर सिंह भंडारी और कोषाध्यक्ष केशव जोशी के नेतृत्व में हुई वार्ता में पेंशनरों ने अपनी समस्याएं मजबूती से रखीं।
संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि नगर के कलश क्वार्टर स्थित पुराने भवन के ध्वस्तीकरण के दौरान करीब तीन वर्ष पहले ड्रेनेज नाली में भारी मात्रा में मलबा भर गया था, जिसे आज तक नहीं हटाया गया। नतीजतन बरसात और बस्ती का पानी बीच आबादी में ही रुक रहा है। इससे क्षेत्र में भारी दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पानी की निकासी बाधित होने से कई आवासीय भवनों में सीलन फैल चुकी है और मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बढ़ गया है। संगठन के पदाधिकारियों के साथ हर्ष मनी भट्ट ने भी मामले का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई।
वार्ता के दौरान पेंशनरों ने लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर से सेवानिवृत्त हुए कुछ वर्कचार्ज कर्मचारियों को अब तक पेंशन से वंचित रखे जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस पर अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल ने आश्वासन दिया कि विभाग समस्याओं के समाधान के लिए जल्द कार्रवाई करेगा। उन्होंने पेंशन संबंधी मामले में कोर्ट की स्थिति स्पष्ट होने का हवाला देते हुए कहा कि अब वंचित कर्मचारियों को शीघ्र पेंशन जारी की जा रही है।
हालांकि संगठन ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आने वाले समय में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। धरना , प्रदर्शन व वार्ता के में शाखा अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान, सचिव रघुवीर सिंह भंडारी, कोषाध्यक्ष केशव जोशी, हर्षमणी भट्ट, मस्तराम, सुंदर सिंह नेगी आदि मौजूद थे।
