Narendranagar Pensioners Raise Golden Card and Medical Reimbursement Issues
- चिकित्सा प्रतिपूर्ति से लेकर बस सेवा तक, पेंशनर्स बैठक में उठे कई अहम मुद्दे
गोपाल चन्द्र जोशी@ देहरादून/ नरेंद्रनगर। सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन शाखा नरेंद्रनगर की बैठक में एक बार फिर गोल्डन कार्ड की खामियां और चिकित्सा प्रतिपूर्ति का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। कर्मचारी कल्याण भवन में आयोजित बैठक में पेंशनर्स ने सरकार और राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण पर बुजुर्ग पेंशनरों की समस्याओं को सुलझाने के बजाय उन्हें उलझाने का आरोप लगाया।
बैठक की अध्यक्षता सुंदर सिंह नेगी ने की, जबकि संचालन शाखा अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान और सचिव रघुवीर सिंह भंडारी ने किया। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि वर्षों से गोल्डन कार्ड की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं और चिकित्सा प्रतिपूर्ति की फाइलें राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण में धूल फांक रही हैं। उन्होंने मांग की कि बुजुर्ग पेंशन धारकों को समय पर चिकित्सा प्रतिपूर्ति का भुगतान किया जाए।
बैठक में पूर्व प्रांतीय मंत्री एवं शिक्षक नेता वाचस्पति रयाल ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों की सैलरी से वर्षों तक गोल्डन कार्ड और आयुष्मान योजना के नाम पर कटौती की, लेकिन जरूरत के समय सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं। उन्होंने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को भी इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया।
रयाल ने चेतावनी दी कि यदि गोल्डन कार्ड और चिकित्सा प्रतिपूर्ति की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो सेवानिवृत्त संगठन आंदोलन करेगा और 2027 विधानसभा चुनाव में सरकार को सबक सिखाने का काम करेगा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि किसी कर्मचारी ने जीवनभर योजना के तहत कटौती करवाई लेकिन लाभ नहीं लिया, तो उसकी जमा धनराशि ब्याज सहित उसके परिजनों को क्यों न लौटाई जाए।
शहर की बदहाल स्थति पर जताई नाराजगी
बैठक में नरेंद्रनगर में धीमी गति से चल रहे सीवर लाइन निर्माण, सड़कों पर फैली निर्माण सामग्री और नालियों की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताई गई। वहीं यात्रा सीजन में नरेंद्रनगर के यात्रियों को ऋषिकेश नटराज में बसों से उतारने और बसों में सवारी न बैठाने के मुद्दे पर भी जबरदस्त आक्रोश व्यक्त किया गया। संगठन ने मांग की कि यात्रा सीजन में प्रत्येक बस में नरेंद्रनगर के कम से कम 5 से 7 यात्रियों को यात्रा की अनुमति दी जाए।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने, बैठक एजेंडा प्रसारित करने और संगठन भवन में दैनिक समाचार पत्र उपलब्ध कराने जैसे सुझाव भी दिए गए। इस मौके पर संगठन के कोषाध्यक्ष केशव प्रसाद जोशी, सुंदर सिंह रावत, प्रताप सिंह रावत, श्यामलाल थपलियाल, हर्ष मनी भट्ट, भजन सिंह कैन्तुरा, कोमल दास, सुंदर सिंह नेगी, मात बर सिंह व काशीराम आदि मौजूद थे।
