Army Inspires Patriotism Among Students Ahead of 80th Independence Day in Narendranagar
- नरेंद्रनगर में गूंजा राष्ट्रप्रेम
- सेना ने बच्चों में जगाई देशभक्ति की अलख
- हर घर तिरंगा से सजेगा नरेंद्रनगर,
- सेना और पालिका ने तेज की तैयारियां
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के भव्य आयोजन को लेकर नरेंद्रनगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर में जहां प्रशासन और नगर पालिका स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, वहीं भारतीय सेना की 1852 फील्ड रेजीमेंट भी स्कूली बच्चों के बीच विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की अलख जगा रही है।
विद्यालयों में रेजीमेंट आयोजित करा रहा विभिन्न प्रतियोगिताएं : बखरियाणा स्थित 1852 फील्ड रेजीमेंट की ओर से नरेंद्रनगर के विभिन्न विद्यालयों में क्विज, पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

पोस्टर एवं स्लोगन मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनुर: इसी क्रम में बुधवार को सोबन सिंह नेगी सामुदायिक विकास भवन में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ‘जय जवान-जय किसान’, ‘जय विज्ञान’ और ‘2047 का भारत’ जैसे विषयों पर पोस्टर एवं स्लोगन मेकिंग प्रतियोगिता हुई। इसमें श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तीन वर्गो में आयोजित हुई प्रतियोगिता: तीन वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में राधिका गुसाईं प्रथम और रिया आर्य द्वितीय रहीं। जूनियर वर्ग में ऋषभ पुंडीर ने पहला और संजीव कोतवाल ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्राथमिक वर्ग में आरभ प्रथम और दीपाली द्वितीय रहीं। बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत चित्रों और संदेशों के जरिए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
देश भक्ति क्विज प्रतियोगिता में अर्थव ने बाजी मारी: इससे पहले 10 अगस्त को जीआईसी, जीजीआईसी और माउंट कार्मेल क्रिश्चियन अकादमी में देशभक्ति विषयों पर क्विज प्रतियोगिता कराई गई थी। इसमें माउंट कार्मेल के अथर्व नेगी प्रथम, श्रेया रावत द्वितीय तथा समीक्षा राज और नरेंद्रनगर बालिका इंटर कॉलेज की साक्षी संयुक्त रूप से तृतीय रहीं।
मातृभूमि की रक्षा का दिलाया संकल्प: कार्यक्रम में कैप्टन प्रतीक पंवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व और मातृभूमि की रक्षा के संकल्प पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को व्यक्तिगत सफलता के साथ देश की प्रगति और सुरक्षा की भावना भी अपने भीतर विकसित करनी चाहिए। उनके संबोधन से पूरा माहौल देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंज उठा।
14 अगस्त को रेजीमेंट चलाएगा जागरूकता अभियान: वहीं, 14 अगस्त को 1852 फील्ड रेजीमेंट की ओर से नरेंद्रनगर के प्रमुख मार्गों पर ‘हर घर तिरंगा’ और स्वतंत्रता दिवस जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। नगर पालिका भी तैयारियों में जुटी है। पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार के नेतृत्व में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ ऋषिकेश बाईपास से चंबा बाईपास तक बाजार क्षेत्र को तिरंगे और विद्युत लाइटों से सजाने की तैयारी की जा रही है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज ड्यूंडी ने सेना की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों के लिए अधिकारियों और जवानों का आभार जताया। कार्यक्रम में कैप्टन प्रतीक पंवार, नायब सूबेदार अखिलेश कुमार, सूबेदार पप्पू सिंह, सूबेदार केपी सिंह सहित शिक्षक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
