Narendranagar Mourns Loss of Municipal Worker Manoj Bhandari After Heart Attack
- पूर्व प्रधान एतवार सिंह और मनोज भंडारी की मौत से क्षेत्र में पसरा मातम
- ‘कुंभकरण’ के रूप में याद रहेंगे मनोज भंडारी
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर, रा. वि.। जीवन की अनिश्चितता और अपनों के बिछड़ने का दर्द एक बार फिर नरेंद्र नगर में गहरा सन्नाटा छोड़ गया। नगर पालिका में कार्यरत 51 वर्षीय मनोज भंडारी का जॉली ग्रांट अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने से न केवल परिवार, बल्कि पूरा नगर शोक में डूब गया।
जैसे ही उनके निधन की खबर फैली, शहर में शोक की लहर दौड़ गई। हर किसी की जुबां पर बस एक ही बात थी—“इतना सरल, मिलनसार और मददगार इंसान अब हमारे बीच नहीं रहा।” अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए मनोज भंडारी का परिवार गहरे सदमे में है।
मंगलवार को ऋषिकेश के पूर्णानंद घाट पर नम आंखों के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया। छोटे भाई शरद भंडारी ने उन्हें मुखाग्नि दी। यह दृश्य हर किसी को भावुक कर गया, क्योंकि अभी 10 महीने पहले ही परिवार ने छोटे भाई को खोया था, और अब बड़े भाई का जाना इस परिवार के लिए असहनीय पीड़ा बन गया है।
डॉक्टरों के अनुसार उनका निधन हार्ट अटैक से हुआ। लेकिन नगरवासियों के लिए यह सिर्फ एक मौत नहीं, बल्कि एक अपने के चले जाने का दर्द है। मनोज भंडारी अपनी सादगी, कर्मठता और मधुर व्यवहार के लिए जाने जाते थे। वे हर दिल अजीज थे, ऐसे इंसान जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
उनकी अंतिम यात्रा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सैकड़ों नगरवासियों ने शामिल होकर उन्हें नम आंखों से विदाई दी। पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत सहित कई गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया।
चिर निद्रा में सो गया नरेंद्र नगर का कुंभकरण
मनोज भंडारी का स्थानीय रामलीला में कुंभकरण का किरदार बेहद लोकप्रिय था। उनकी अदायगी इतनी जीवंत होती थी कि लोग उन्हें प्यार से “कुंभकरण” कहकर बुलाते थे। आज वही मंच, वही यादें और वही लोग उन्हें याद कर भावुक हो उठे। और इस कटु सत्य को समझ गए कि अब उनका कुंभकरण कभी नहीं उठेगा।
उनकी शव यात्रा में नगर पालिका परिषद नरेंद्र नगर के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार,विनोद गंगोटी,व्यापार उद्योग मंडल नरेंद्र नगर के अध्यक्ष जितेंद्र चांदपुरी,नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा,राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार,दिनेश उनियाल, यशपाल राणा,पालिका के पूर्व सभासद जयपाल सिंह नेगी,राजपाल पुंडीर, श्याम लाल थपलियाल, मनबीर नेगी,भगवान सिंह राणा,वाचस्पति रयाल, नवनीत उनियाल,राजेंद्र गुसाईं,, सुशील राणा, नरपाल भंडारी, राजेंद्र रावत, द्वारिका जोशी, ऋतुराज सिंह नेगी,रमेश असवाल,नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एलम सिंह रावत एवं समस्त स्टाफ सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।
पूर्व प्रधान एतवार सिंह भी कह गए अलविदा
वहीं दूसरी ओर ग्राम बडेडा के वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व प्रधान एतवार सिंह के निधन से भी क्षेत्र में शोक की लहर है। लगातार हो रहे इन दुखद घटनाओं ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।
यह केवल दो व्यक्तियों का निधन नहीं, बल्कि समाज के दो ऐसे स्तंभों का चले जाना है, जिन्होंने अपने व्यवहार, सेवा और संस्कारों से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई थी। आज वे भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें हमेशा जीवित रहेंगी।
