narendra-nagar-lpg-gas-supply-delay-resolution
- शहरी क्षेत्र को मान्यता मिलने पर 45 दिन की डिलीवरी सीमा पर होगी समीक्षा: आबकारी अधिकारी
- नगर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में आता है,बावजूद इसके ग्रामीण के मानक हो रहे लागू
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर। नरेंद्र नगर, में एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में विलंब और अनियमितता के शिकायत मिलने पर क्षेत्रीय आबकारी अधिकारी ने जांच और आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। शिकायत में बताया गया था कि स्थानीय निवासियों को गैस की डिलीवरी बुकिंग के 45 दिन बाद मिल रही थी, जिससे आमजन को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
शिकायतकर्ता प्रमोद नेगी, अधिवक्ता ने बताया कि नरेंद्र नगर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में आता है, फिर भी इसे ग्रामीण क्षेत्र मानकर गैस आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से अनुरोध किया कि इसे शहरी क्षेत्र मानकर गैस सिलेंडर की डिलीवरी 25 दिनों के भीतर सुनिश्चित की जाए।
क्षेत्रीय आबकारी अधिकारी ने बताया कि शहीद सुंदर गैस एजेंसी, नरेंद्र नगर के ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत आती है, और वर्तमान 45 दिन की रीफिल अवधि भारत सरकार और गैस कंपनियों द्वारा तय नियमों के अनुसार है। एजेंसी प्रबंधक ने भी कहा कि नरेन्द्र नगर का कनेक्शन उनकी एजेंसी पर है और गैस वितरण सॉफ़्टवेयर के अनुसार ही कार्य किया जा रहा है।
आबकारी अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि गैस एजेंसी प्रबंधक समय पर और सुचारू रूप से सभी उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करें। यदि भविष्य में सॉफ़्टवेयर में शहरी क्षेत्र के अनुसार संशोधन किया जाता है, तो गैस वितरण अवधि में आवश्यक बदलाव किया जाएगा। इस कदम से स्थानीय निवासियों को बेहतर और नियमित गैस आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
