- घर में गूंजती चीखें, मां की सूनी गोद और भाई के हाथों भाई की हत्या
- बिखर गया एक परिवार का तानाबाना
हल्द्वानी। खून के रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे हल्द्वानी को झकझोर कर रख दिया। बरेली रोड क्षेत्र के राम मंदिर बगीचा इलाके में पारिवारिक विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक सगे भाई ने ही अपने ही भाई को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। जिस घर में बचपन की हँसी, भाईचारे और अपनापन पलता था, वही घर कुछ ही पलों में चीखों, खून और मातम में बदल गया।
घटना तीन फरवरी की देर रात की है। परिवार के मुताबिक संदीप जायसवाल आधी रात के करीब घर पहुंचा और बिना कुछ समझे-बुझे छोटे भाई सोनू जायसवाल पर टूट पड़ा। वह चीखते हुए कह रहा था— “मैं तेरी वजह से बर्बाद हो गया, कुछ नहीं कर पाया— और इसी गुस्से में उसने पास पड़ा स्टील का लौटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर लगातार वार करने शुरू कर दिए। बेरहमी यहीं नहीं रुकी, आरोपी ने सोनू को तख्त पर पटक-पटक कर पीटा, जिससे पूरा कमरा खून से सन गया।
परिवार जब बचाने दौड़ा तो आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। कांपते हाथों और डर से सिमटे परिजन कमरे में बंद होने को मजबूर हो गए। बाहर भाई की करुण चीखें गूंजती रहीं, लेकिन कोई मदद नहीं कर सका। कुछ देर बाद सोनू बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
डरे-सहमे परिजनों ने किसी तरह परिचित को फोन कर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी पीछे के रास्ते से फरार हो चुका था। घायल सोनू को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। करीब 42 वर्षीय सोनू की मौत के साथ ही घर में मातम छा गया। मां की गोद सूनी हो गई, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक की मां ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर आरोपी बेटे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि उस टूटते पारिवारिक ताने-बाने की त्रासदी है, जहाँ तनाव, कुंठा और असफलताओं का गुस्सा अपनों के खून में बदल गया। राम मंदिर बगीचा क्षेत्र आज भी सहमा हुआ है और हर आंख नम है — यह सोचकर कि खून के रिश्ते भी कभी-कभी सबसे खौफनाक दुश्मन बन जाते हैं।
