- छह माह की चोरियों का खुलासा नहीं
- बैठक में उठे ओवरलोडिंग और नाबालिगों के वाहन चलाने के मुद्दे
नदीम परवेज@मुनस्यारी,रा.वि.। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देश पर सोमवार को थाना मुनस्यारी में कानून व्यवस्था को लेकर बैठक आयोजित की गई। उपजिलाधिकारी डॉ. ललित मोहन तिवारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी के.एस. रावत के नेतृत्व में हुई इस बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में पिछले एक वर्ष के दौरान हुई चोरी की घटनाओं, यातायात व्यवस्था और क्षेत्र की कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बीते छह माह में हुई चोरी की कई घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
इस दौरान ओवरलोडिंग, तीन हत्या मामलों के खुलासे में देरी, नाबालिग बच्चों का स्नूकर सेंटरों में समय बिताना और बिना लाइसेंस बाइक-स्कूटी चलाने जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी के.एस. रावत ने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने, नियमित चेकिंग अभियान चलाने और पुलिस स्टाफ बढ़ाने की बात कही। साथ ही उन्होंने बताया कि एसबीआई में हुई सेंधमारी के मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया, ग्राम प्रधान धर्मेंद्र कुमईया, गौरव जसवाल, श्रीराम सिंह धर्मशाक्तू, केदार मर्तोलिया, हुकुम चिराल, पूरन पांडे, विनोद पांगती समेत बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और टैक्सी यूनियन के सदस्य मौजूद रहे।
