Mount Carmel Christian Academy Annual Function Celebrated with Awards and Oath Ceremony
- वार्षिकोत्सव में अपने बच्चों का हुनर देख, खुशियों से झूम उठे अभिभावक
- माउंट कार्मेल क्रिश्चियन अकादमी का वार्षिकोत्सव संपन्न, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर।
नगर के बगरधार स्थित माउंट कार्मेल क्रिश्चियन अकादमी (एमसीसीए) का वार्षिकोत्सव पुरस्कार वितरण एवं शपथ ग्रहण समारोह के साथ धूमधाम से संपन्न हो गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों, खेलकूद एवं विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शानदार झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती दीप्ति ने विशिष्ट अतिथियों एमसीसीए के प्रबंधक संथोष जॉर्ज, पूर्णानंद एवं सुश्री अर्पणा प्रसाद की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
छात्र – छात्राओं का दिखा उत्कृष्ट प्रदर्शन
कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत छात्र-छात्राओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। पठन-पाठन, खेलकूद गतिविधियों और परीक्षा परिणामों में बेहतर उपलब्धियों से छात्र-छात्राएं उत्साहित नजर आए, वहीं अपने बच्चों की सफलता देखकर अभिभावकों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे। अभिभावकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे समारोह को बेहद आकर्षक बना दिया।
मुख्य अतिथि दीप्ति ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों, कौशल और आत्मनिर्भरता के विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि विद्यालय ने शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है, जिसके लिए विद्यालय परिवार बधाई का पात्र है।
बोर्ड परीक्षाओं के बेहतर परिणामों पर जताई प्रसन्नता
उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय के बेहतर परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने वाली गतिविधियां उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाती हैं।
विशिष्ट अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधक संथोष जॉर्ज ने विद्यालय की प्रगति और छात्रों के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शैक्षणिक सफलता के लिए शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों और समाज के लोगों से विद्यालय के विकास हेतु सुझाव देने का आह्वान किया।
नहीं बढ़ाई जाएगी फीस
संथोष जॉर्ज ने कहा कि संस्थान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र संख्या बढ़ने के साथ स्टाफ की कमी नहीं होने दी जाएगी और वार्षिक फीस में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। उनकी इस घोषणा का अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील सिंह ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उनका समर्थन विद्यालय की प्रगति में सदैव महत्वपूर्ण रहेगा।
मेधावियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10 एवं 12 की ICSE और ISC परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10 से तुषार सेमल्टी, आयुष बिष्ट, सृष्टि रावत एवं अक्षत शर्मा तथा कक्षा 12 से अनुकृति, सुजल एवं अतुलिका भंडारी को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके अलावा गुंजन एवं वर्णिका बिजलवान को वर्ष 2025 की कक्षा 10 परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने पर विशेष सम्मान दिया गया। विद्यालय द्वारा आयोजित SOF परीक्षाओं में सफल विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही विद्यार्थियों को कराटे बेल्ट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
उत्साह और उल्लास से भरे माहौल में संपन्न यह समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ।
