Lalit Mohan Joshi Honoured with Ghanna Bhai Samman 2026 for Social Service and Education Initiatives
- 15 वर्षों की सामाजिक मुहिम को मिला सम्मान
- युवाओं के भविष्य संवारने की पहल को मिली पहचान
देहरादून@RASHTRIY VICHAR। लोक हास्य के पुरोधा और उत्तराखंड की लोक संस्कृति को देश-विदेश तक नई पहचान दिलाने वाले स्वर्गीय घन्ना भाई की 73वीं जयंती के अवसर पर घन्ना भाई फाउंडेशन द्वारा समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज एवं सजग इंडिया के अध्यक्ष एडवोकेट ललित मोहन जोशी को ‘घन्ना भाई सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। समारोह में उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और पद्मश्री प्रीतम भरतवाण ने संयुक्त रूप से उन्हें सम्मानित किया।
‘मिशन एजुकेशन’ से जरूरतमंद छात्रों को दिखाई नई राह
एडवोकेट ललित मोहन जोशी लंबे समय से विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता अभियान, संवाद कार्यक्रम और शपथ अभियानों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। शिक्षा क्षेत्र में उनके नेतृत्व में संचालित ‘मिशन एजुकेशन’ योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों को निशुल्क उच्च शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल से प्रतिवर्ष करीब 300 विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।
नशामुक्त युवा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत हैं।स्वर्गीय घन्ना भाई ने अपनी कला और लोक हास्य के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य किया। उनकी स्मृति में प्राप्त यह सम्मान उनके लिए गर्व के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति जिम्मेदारी को और अधिक समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा भी है। यह सम्मान उनके साथ जुड़े सभी सहयोगियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों का भी है। नशामुक्त समाज और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए उनके प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
ललित मोहन जोशी,अध्यक्ष CIMS&UIHMT COLLAGE’S
