17 Unrecognized Political Parties Deregistered Ahead of Uttarakhand Assembly Elections 2027
- उत्तराखंड में 42 रजिस्टर्ड गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल
- 6 नए दलों ने मांगा पंजीकरण
देहरादून@Rashtriy Vichar। उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने प्रदेश के 17 रजिस्टर्ड गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को चुनावी प्रक्रिया से बाहर कर दिया है। अब ये दल विधानसभा चुनाव नहीं लड़ सकेंगे।
निर्वाचन आयोग की ओर से यह कार्रवाई लंबे समय से निष्क्रिय पड़े राजनीतिक दलों के खिलाफ की गई है। जांच में सामने आया कि इन दलों ने पिछले छह वर्षों में कोई चुनाव नहीं लड़ा। साथ ही कई दलों के पंजीकृत पते पर संगठन की मौजूदगी भी नहीं मिली। इसके अलावा कुछ दलों ने वार्षिक रिटर्न, अंशदान रिपोर्ट और आंतरिक चुनाव से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं भी पूरी नहीं की थीं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने इन दलों को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने और अस्तित्व से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद रिपोर्ट केंद्रीय निर्वाचन आयोग को भेजी गई। इसके आधार पर इन दलों को पंजीकृत सूची से हटाने की कार्रवाई की गई।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में 42 रजिस्टर्ड गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल थे। वहीं आगामी चुनाव के लिए छह नए दलों ने पंजीकरण के लिए आवेदन किया है। खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार की जन निर्माण पार्टी को भी निर्वाचन आयोग ने पंजीकृत कर लिया है।
इन दलों की हुई छुट्टी
- प्रजातंत्र पार्टी ऑफ इंडिया, रामनगर, नैनीताल
- सुराज सेवा दल, हल्द्वानी, नैनीताल
- भारतीय सम्राट सुभाष सेना, लक्सर रोड, हरिद्वार
- भारतीय जनक्रांति पार्टी, मियांवाला, देहरादून
- हमारी जनमंच पार्टी, चुक्खूवाला, देहरादून
- प्रजामंडल पार्टी, श्रीनगर गढ़वाल
- मैदानी क्रांति दल, माजरा, देहरादून
- राष्ट्रीय जन सहाय दल, न्यू कनॉट प्लेस, देहरादून
- उत्तराखंड जनशक्ति पार्टी हरिद्वार बाईपास, देहरादून
- भारतीय मूल निवासी समाज पार्टी, तरलो अधोईवाला, देहरादून
- भारतीय अंत्योदय पार्टी, निरंजनपुर, देहरादून
- भारतीय ग्राम नगर विकास पार्टी, आमवाला, देहरादून
- गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट, चंद्रबनी, देहरादून
- राष्ट्रीय ग्राम विकास पार्टी, रुड़की, हरिद्वार
- भारत कौमी दल, लाट्ठरदेवा, हरिद्वार
- पीपुल्स पार्टी, रुड़की, हरिद्वार
- भारत परिवार पार्टी, ज्वालापुर हरिद्वार
